बीजेपी की महिला विधायक मुख्यमंत्री और डीजीपी के दरबार में पहुंची और कहा कि मेरी जान को खतरा है, कुछ लोग मुझे मारना चाहते हैं। मामला हरियाणा का है। अंबाला जिले के मुलाना विधानसभा क्षेत्र से महिला विधायक संतोष सारवान का रास्ता हथियारबंद लोगों द्वारा घेरने के बाद यह मामला गरमा गया है।
इस संदर्भ में विधायक सारवान ने मंगलवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और डीजीपी बीएस संधू से मुलाकात कर ड्रग्स माफिया से अपनी जान बचाने की गुहार लगाई है। विधायक का कहना है कि वे अपने क्षेत्र में ड्रग्स माफिया को पनपने नहीं देना चाहती हैं। इसलिए उन्होंने अभियान छेड़ा है।
उन्होंने नशे पर रोकथाम के लिए कई जगह ठेके बंद करवाएं हैं और छापे भी डलवाए हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि मुलाना के शिक्षण संस्थानों तक में नशे की सप्लाई होती है जिसके खिलाफ उन्होंने आवाज उठाई है। डीजीपी को उन्होंने कुछ ऐसे स्थानों की भी जानकारी दी है, जहां से ड्रग्स का कारोबार संचालित होता है।
उनका कहना है कि सोमवार को जिन लोगों ने उनका रास्ता रोका था, वे उन्हें जान से मारना चाहते थे। उनका बेटा गाड़ी चला रहा था और अचानक ब्रेक लगाकर उसने गाड़ी गांव उगाला की ओर भगाई। अन्यथा कुछ भी अनहोनी हो सकती थी।