साजिशन एनडीपीएस और नकली करेंसी के साथ व्यक्ति को फंसाने के मामले में हाईकोर्ट के वकील को भेजा जेल। साजिश के तहत एनडीपीएस और नकली करेंसी के साथ व्यक्ति को फंसाने के मामले में गिरफ्तार हाईकोर्ट के वकील जतिन सालवान को मलोया पुलिस ने 3 दिन का रिमांड समाप्त होने से पहले ही मंगलवार को जिला अदालत में पेश कर दिया।
पुलिस ने जतिन के हिस्से की जांच समाप्त होने और तबियत खराब होने को आधार बनाते हुए अदालत से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की अपील की। इस पर अदालत ने सलवान को न्यायिक हिरासत में बुड़ैल जेल भेज दिया। वहीं, मामले में आरोपी यूटी पुलिस का पूर्व इंस्पेक्टर तरसेम राणा पहले ही न्यायिक हिरासत में है।
बता दें कि मलोया थाना पुलिस ने यूटी पुलिस के पूर्व इंस्पेक्टर तरसेम राणा, हाईकोर्ट वकील जतिन सालवान और लुधियाना निवासी नरेंद्र सिंह को मोहाली निवासी सुखबीर सिंह शेरगिल को एनडीपीएस और नकली करेंसी के मामले में फंसाने के लिए साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
हालांकि इसमें उनकी जगह उनका अकाउंटेंट भगवान सिंह फंस गया था। पुलिस ने जांच की तो मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। तीनों का एक-एक दिन का रिमांड समाप्त होने पर पुलिस ने तीनों का 5-5 दिन का रिमांड मांगा था। हालांकि कोर्ट ने तरसेम राणा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था और जतिन और नरेंद्र को 3-3 दिन के रिमांड पर भेज दिया था।
इसके बाद मंगलवार को दा दिन का रिमांड समाप्त होने के बाद ही मलोया थाना पुलिस ने जतिन को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की अपील की। इस दौरान अदालत में जतिन के समर्थन में हाईकोर्ट और जिला अदालत के कई वकील भी मौजूद रहे।
वकीलों ने रखा काम ठप
हाईकोर्ट के वकील जतिन सालवान की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को जिला अदालत और केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) के वकीलों ने कामकाज ठप रखा। इस दौरान केवल चुनिंदा मामलों की सुनवाई में ही एडवोकेट अदालत में पेश हुए। अन्य मामलों में अदालत में तारीख बढ़ा दी। इससे मामलों की सुनवाई पर आने वाली आम पब्लिक को परेशानी का सामना करना पड़ा।