चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने ट्राइसिटी में नशा तस्करी और हथियार सप्लाई करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार विदेश में बैठे तस्करों से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से एक किलो 790.44 ग्राम चरस, 53.90 ग्राम हेरोइन, एक पिस्टल और एक कट्टा बरामद किया गया है।
एसपी ऑपरेशन गीतांजलि खंडेलवाल ने बताया कि इंस्पेक्टर रणजीत सिंह की अगुवाई में यह पूरा ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि यह नशा और हथियार तस्करी का नेटवर्क विदेश में बैठे लोगों की ओर से चलाया जा रहा था। आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश के मंडी और कुल्लू और पंजाब के फतेहगढ़ साहिब के निवासियों के रूप में हुई है।
हिमाचल से चरस लाकर ट्राइसिटी में करते थे सप्लाई
पुलिस ने 6 अगस्त को मौलीजागरां थाना क्षेत्र से हिमाचल के मंडी निवासी अजीत सिंह को 494.44 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। अजीत एक होटल में वेटर का काम करता था और मंडी-कुल्लू से चरस लाकर चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में सप्लाई करता था। उसकी निशानदेही पर 8 अगस्त को कुल्लू के अमर सिंह को सेक्टर-26 से 708 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया। अमर सिंह एक पुराना अपराधी है, जिसे 2016 में भी 1.25 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था। हाल ही में जमानत पर छूटने के बाद उसने फिर से तस्करी शुरू कर दी थी। इसी कड़ी में 11 अगस्त को सेक्टर-27 से मंडी के ऋषभ देव को 588 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया। ऋषभ सब्जी की खेती की आड़ में अपने खेतों में चरस उगाता था और चंडीगढ़ में सब्जी बेचने के बहाने नशा बेचता था।
गैंगवार की साजिश नाकाम
ऑपरेशन सेल की टीम ने 8 अगस्त को सारंगपुर से शमशाद अली उर्फ जग्गी को भी गिरफ्तार किया। वह फतेहगढ़ साहिब का रहने वाला है और उसके पास से 53.90 ग्राम हेरोइन, एक पिस्टल और एक देसी कट्टा मिला है। पुलिस के अनुसार, जग्गी हरप्रीत उर्फ हैप्पी गैंग का सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर है, जिस पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वह पुर्तगाल में बैठे अपने गैंग सरगना के निर्देश पर नशा और हथियारों की सप्लाई करता था। पुलिस ने बताया कि इस गिरफ्तारी से ट्राइसिटी में होने वाली संभावित गैंगवार की साजिश को नाकाम कर दिया गया है।