फाजिल्का और फिरोजपुर के सीमावर्ती क्षेत्र में ड्रोन देखे जाने का मामला सामने आया है। फाजिल्का में शनिवार रात को ड्रोन देखा गया, जो दो हजार मीटर ऊंचाई पर था। हालांकि अबोहर बीएसएफ रेंज के डीआईजी ने बताया कि रात के समय कोई यंत्र उड़ता हुआ देखा गया लेकिन यंत्र दो हजार मीटर की ऊंचाई पर उड़ रहा था। ड्रोन इतनी ऊंचाई पर नहीं उड़ सकता, क्योंकि उसका संपर्क रिमोट से कट जाता है। इसलिए उक्त यंत्र ड्रोन नहीं हो सकता है।
डीआईजी ने बताया कि एयरफोर्स अमृतसर से इस बारे में संपर्क किया गया था। फिलहाल बीएसएफ ड्रोन संबंधी सतर्क है, पूरे सीमावर्ती इलाके में पैनी नजर रखी जा रही है। फिरोजपुर के एसपी (एच) गुरमीत सिंह चीमा ने कहा कि ड्रोन के बारे में किसी भी ग्रामीण ने कोई आधिकारिक शिकायत नहीं दी है, फिर भी डीएसपी (सिटी) से जानकारी ली जाएगी।