भारत-पाकिस्तान सीमा पर अजनाला सेक्टर में स्थित शेरपुर पोस्ट में बुधवार रात करीब 11.15 बजे पाकिस्तान से आया ड्रोन बीएसएफ की फायरिंग के बाद लौट गया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने तीन राउंड फायरिंग और इलुमिनेशन बम भी दागा। इसके बाद यह ड्रोन पाकिस्तान लौट गया।
सूत्रों के मुताबिक बुधवार की रात भारत-पाकिस्तान सीमा पर बीएसएफ के जवान गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अजनाला में सीमा निगरानी चौकी (बीओपी) शेरपुर में गश्त कर रही बीएसएफ की टुकड़ी ने रात करीब 11:15 बजे पाकिस्तान से एक ड्रोन आने की आवाज सुनी। यह पाकिस्तानी ड्रोन अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर से 150 मीटर और बॉर्डर फेंसिंग से दो-तीन मीटर की दूरी पर था। बीएसएफ जवानों ने आवाज की दिशा में तीन राउंड फायरिंग की।
जवानों ने इलाके में रोशनी के लिए एक इलुमिनेशन बम भी दागा। जवानों ने तुरंत इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी। इसके तुरंत बाद ही बीएसएफ के सीनियर अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को सील कर दिया गया और सर्च अभियान चलाया। बीएसएफ को इस दौरान कुछ संदिग्ध चीज बरामद नहीं हुई। मगर बताया जा रहा है कि यह ड्रोन भारत में हेरोइन या हथियारों की खेप गिराने आया था। समाचार लिखे जाने तक बीएसएफ और पुलिस शेरपुर पोस्ट इलाके में संयुक्त सर्च अभियान चला रही हैं।
बीएसएफ सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि अटारी सीमा पर ड्रोन की आवाज पकड़ने के लिए विशेष ट्रेनिंग और फ्रूटी की तैनाती के बाद ड्रोन की घटनाओं पर काफी हद तक कंट्रोल हुआ है। टेकनपुर (ग्वालियर) ट्रेनिंग सेंटर से खास ट्रेनिंग लेकर यहां पहुंची फ्रूटी काफी दूरी से ही ड्रोन की आवाज को पहचान बीएसएफ को चौकस कर देती है। हालांकि पिछले दिनों में इस तरह की घटनाओं में कमी आई है। ऐसा नहीं कि पाकिस्तान ने भारतीय क्षेत्र में ड्रोन की गतिविधियों में कमी कर दी है, बल्कि आने वाले ड्रोन को पाकिस्तानी सीमा से पहले ही वापस लौटना पड़ता है।