ड्रोन के इस हालत में मिलने के बाद पुलिस ने सीमावर्ती गावों में चौकसी बढ़ाने के लिए बीएसएफ के साथ संपर्क साधा है। तरनतारन के पूर्व आतंकवादी परिवारों व उनके साथ सहानभूति रखने वालों पर भी पैनी नजर रखनी शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार बलवंत सिंह बाबा, जो पहले बब्बर खालसा का सदस्य रह चुका है, हो सकता है उसने प्रदेश में आतंकवादी घटना को अंजाम देने के लिए नई भर्ती की हो।
आतंकियों के निशाने पर माधोपुर सैन्य छावनी, हाई अलर्ट
चारों आतंकवादियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को इस बात की जानकारी मिली है बाबा बलविंदर व आकाशदीप सैटेलाइट टेलीफोन के माध्यम से सभी आतंकवादी पाकिस्तान में शरण लिए आतंकवादी रंजीत सिंह नीटा के साथ संपर्क में थे। पाकिस्तान सीमा के साथ सटे कई संवेदनशील सैन्य ठिकानों पर आतंकवादी हमला करने के लिए नीटा ने आईएसआई के साथ मिल कर ड्रोन हमले करने की साजिश रची है।
आतंकियों के निशाने पर अब माधोपुर सैन्य छावनी के साथ-साथ पठानकोट एयरबेस भी है। इस घटना के बाद जम्मू से सटे पंजाब के माधोपुर व पठानकोट पूरे छावनी क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
अमृतसर हवाई अड्डे की सुरक्षा बड़ाई
आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद द्वारा देश के प्रमुख हवाई अड्डों व अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आतंकवादी हमले की धमकी देने के बाद जिला प्रशासन ने श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ जाने वाले सभी रास्तों में अर्धसैनिक बल व कमांडो तैनात कर दिए गए है। हवाई अड्डे परिसर में सीआईएसएफ के जवान चप्पे-चप्पे पर पैनी निगाह रखे हुए हैं। एयरपोर्ट जाने वाले सभी वाहनों की गहन जांच की जा रही है।