चंडीगढ़ में हो रही तेज बारिश ने शहर की सड़कों की असलियत सामने ला दी। जगह-जगह सड़कें धंस गईं, गहरे गड्ढे हो गए।
बुड़ैल में सरकारी स्कूल की दीवार ढह गई तो बारिश रुकने के 24 घंटे बाद भी आईएसबीटी-43 की पार्किंग में पानी भरा हुआ है। पानी इतना ज्यादा है कि लोग निकल भी नहीं पा रहे हैं। इन घटनाओं ने एक बार फिर चंडीगढ़ की स्मार्ट सिटी की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तेज बारिश के बाद सोमवार सुबह शहर के अलग-अलग इलाकों से सड़क धंसने और गड्ढे बनने की खबरें सामने आईं। सेक्टर-47/48 के टी-पॉइंट पर एक युवक बाइक समेत गड्ढे में गिर गया। गनीमत रही कि युवक को गंभीर चोट नहीं आई, वरना हादसा जानलेवा भी हो सकता था। आप के पार्षद जसबीर सिंह लाडी ने कहा कि तीन वर्षों से हर बारिश में यहां गड्ढा हो जाता है। हर बार नगर निगम इसे ठीक करने पर डेढ़ से दो लाख रुपये खर्च करता है। बावजूद स्थिति जस की तस है। सेक्टर-20 में साइकिल ट्रैक की सड़क धंस गई, जिससे वहां से गुजरने वाले साइकिल चालक और राहगीरों में डर बढ़ गया है। सेक्टर-46/47 चौक पर भी बड़ा गड्ढा बन गया है। साथ ही जीएमएसएसएस-45 बुड़ैल में स्कूल की दीवार गिर गई, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
लोग बोले-अभी तो बारिश की शुरुआत है, आगे क्या होगा
सेक्टर-47/48 की सड़क से गुजरने वाले कौशल का कहना है कि पहले कभी चंडीगढ़ में इस तरह की घटनाएं देखने को नहीं मिलती थीं। अब बारिश की शुरुआत में ही अगर सड़कें धंस रही हैं और जगह-जगह गड्ढे बन रहे हैं तो आने वाले दिनों में क्या होगा। धनास निवासी सचिन ने कहा कि चंडीगढ़ जैसी प्लांड सिटी में अगर इस तरह सड़कें धंसने लगे तो चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि कहीं न कहीं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में गड़बड़ी हुई है, वरना सड़कों पर इतनी जल्दी दरारें और गड्ढे क्यों बन रहे हैं।
आईएसबीटी-43 की पार्किंग जलमग्न, लोग हो रहे परेशान
तेज बारिश के बाद से आईएसबीटी-43 की पार्किंग जलमग्न हो गई है। हैरानी की बात यह है कि बारिश थमे हुए 24 घंटे से ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन अब तक पानी की निकासी नहीं हो सकी है। जलभराव के चलते यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पार्किंग में कई इंच तक पानी भरा हुआ है। कई यात्रियों को अपने जूते और पैंट गीले कर पार्किंग से बाहर निकलते देखा गया। बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह स्थिति और भी मुश्किल भरी साबित हो रही है।
सेक्टर-18 में गिरा बड़ा पेड़
सेक्टर-18 और 19 को जोड़ने वाली डिवाइडिंग रोड पर सोमवार सुबह एक बड़ा पेड़ अचानक गिर गया। यह पेड़ सेक्टर 18 की ओर बने साइकिल ट्रैक के पास स्थित था। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई राहगीर या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, साइकिल ट्रैक निर्माण के दौरान पेड़ की जड़ें काफी हद तक बाहर आ गई थीं। मिट्टी हटने से जड़ें खुल गई थीं और पेड़ की पकड़ कमजोर हो गई। बीते कुछ दिनों से यह पेड़ झुका हुआ नजर आ रहा था, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। सोमवार सुबह यह पूरी तरह से गिर गया।