नशों के खिलाफ कार्रवाई में एक और कदम आगे बढ़ते हुए सरकार ने अब भर्ती और प्रमोशन से पहले सभी मुलाजिमों का डोप टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्य सचिव को इसकी रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि पिछली अकाली-भाजपा सरकार ने सिर्फ पुलिस भर्ती के दौरान ही डोप टेस्ट जरूरी करवाया था।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि सीएम ने भर्ती और प्रमोशन के सभी मामलों में ड्रग स्क्रीनिंग करने के आदेश दिए हैं। इसी तरह पंजाब के सभी सिविल और पुलिस मुलाजिमों की सालाना डॉक्टरी जांच के दौरान भी यह अनिवार्य होगा। प्रवक्ता ने कहा कि पिछले तीन दिनों से नशों के खात्मे के लिए सीएम द्वारा की जा रही पहल का यह भी हिस्सा है। इससे पहले पंजाब कैबिनेट नशा तस्करों को मौत की सजा देने की सिफारिश केंद्र से करने पर मोहर लगा चुकी है।