हरियाणा में क्राइम कंट्रोल के मद्देनजर 15 नए पुलिस थाने खोलने को सरकार से हरी झंडी मिल गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में दो महिला पुलिस थानों सहित 15 नए पुलिस स्टेशनों के निर्माण कार्य के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।
पुलिस महानिदेशक बीएस संधू ने बताया कि इन नए पुलिस स्टेशनों का निर्माण प्रदेश के 11 जिलों में किया जाएगा, जिनमें अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, करनाल, नूंह, पंचकुला, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं। भिवानी और चरखी दादरी जिलों में महिला पुलिस स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा।
डीजीपी ने कहा कि इन पुलिस स्टेशनों के निर्माण से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कामकाजी माहौल के साथ-साथ आधारभूत सुविधाएं भी प्रदान की जा सकेंगी, जिससे राज्य पुलिस के जवान अपने आधिकारिक कर्तव्यों का और बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकेंगे।