चंडीगढ़। सेक्टर-44 के एक निजी अस्पताल के पास खड़ी डॉक्टर की कार का शीशा तोड़कर चोरों ने बैग चोरी कर लिया। बैग में करीब डेढ़ लाख नकदी थी। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
मोहाली निवासी डॉ. मोहित शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-43 में क्लीनिक चलाते हैं। साथ सेक्टर-44 स्थित एक निजी अस्पताल में विजिटिंग डॉक्टर भी हैं। शुक्रवार दोपहर करीब सवा दो बजे वह मरीजों को देखने के लिए आए थे। उन्होंने अपनी टोयोटा इटियोस कार अस्पताल के पीछे खड़ी कर दी। करीब 3 बजे जब वह अस्पताल से निकलकर कार के पास पहुंचे तो ड्राइवर साइड का शीशा टूटा हुआ था और कार से बैग गायब था। बैग में डेढ़ लाख रुपये नकदी थी। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।