पीपी ज्वेलर्स के विकास गर्ग ने बताया कि ज्वेलर्स के कारोबार में अब काफी बदलाव आया है। कंपनियां सस्ते और बेहतरीन डिजाइन के प्रोडक्ट बनाकर ग्राहकों को फाइव स्टार की फीलिंग दे रही हैं। साथ ही ग्राहकों को कुछ न कुछ उपहार भी मिल रहा है। इससे ग्राहकों का झुकाव अब कंपनियों की ओर बढ़ा है।
सुंदर ज्वेलर्स के निदेशक महेंद्र खुराना ने बताया कि रेट गिरने का फायदा हुआ है। जिनके यहां शादियां छह महीने बाद भी होने वाली थी, उन्होंने भी आभूषणों की खरीदारी इस महीने की है। अब ग्राहकों को लगने लगा है कि आगे भी रेट बढ़ेंगे। इसलिए अभी खरीदारी में फायदा है। उन्होंने दावा किया कि कोरोना की वजह से पहले माना जा रहा था कि इस बार धनतेरस फीकी रहेगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। पिछली बार की तरह इस बार भी अच्छा कारोबार हुआ है।
लैपटॉप का कारोबार 70 फीसदी हुआ कम
सेक्टर- 22 कंप्यूटर मार्केट एसोसिएशन के प्रधान नरेश कुमार गर्ग बाबी ने बताया कि यह पहली दिवाली है, जब लैपटॉप की बिक्री सबसे कम हुई है। पिछली दिवाली के मुकाबले करीब 70 फीसदी कारोबार कम हुआ है। उनका कहना है कि इसके दो प्रमुख कारण रहे है। पहला कोरोना काल में ऑनलाइन एजुकेशन व वर्क फार्म होम होने की वजह से लोगों ने उसी दौरान खूब लैपटॉप खरीदे। दूसरा कारण यह है कि पिछले 15 दिनों से ऑनलाइन सेल लगी हुई है। लोगों ने उससे भी खूब खरीदारी की है।