हरियाणा में दलितों को रिझाने के लिए कांग्रेस सक्रिय हो गई है। इसी कड़ी में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने रविवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में डॉ. अंबेडकर के जीवन पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ प्रवक्ता कुलदीप सोनी, कोषाध्यक्ष तरुण भंडारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
पत्रकारों के साथ बातचीत में तंवर ने बताया कि बाबा साहब को याद करने के लिए कांग्रेस जिला स्तर पर रन-फॉर अंबेडकर का आयोजन करेगी। इसी तरह से साइकिल और पैदल यात्रा भी निकाली जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक संविधान निर्माता के योगदान की जानकारी पहुंच सके।
तंवर ने कहा कि चंडीगढ़ में शुरू हुई इस प्रदर्शनी का अवलोकन स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ आम लोगों एवं युवाओं को करवाया जाएगा, ताकि वे बाबा साहब के जीवन से प्ररेणा ले सकें।
उन्होंने कहा कि 19 व 20 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें वरिष्ठ दलित नेताओं, शिक्षाविदों एवं समाजसेवी लोगों को बुलाया जाएगा। इसी तरह से मंडल स्तर के कार्यक्रम होंगे। पहला कार्यक्रम 10 जनवरी को झज्जर में होगा। इसके बाद 17 जनवरी को रेवाड़ी में, 14 फरवरी को सिरसा में और 12 मार्च को अंबाला में होगा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि 14 अप्रैल को डा. अंबेडकर की जयंती कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर मनाएगी।