महिला दिवस पर हैरान कर देने वाली घटना हुई। बीजेपी की दिग्गज मंत्री और कांग्रेस की विधायक आपस में भिड़ गईं और उनमें जमकर तकरार हुई। मामला था अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन का। हरियाणा विधानसभा सेशन में इस मामले पर चर्चा के दौरान कांग्रेस की विधायक गीता भुक्कल और भाजपा की मंत्री कविता जैन में तकरार हो गई।
विधायक गीता भुक्कल के व्यक्तिगत कमेंट से आहत महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन की आंखों से आंसू निकल आए और सदन का माहौल भावुक हो गया। सदन में चर्चा के दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने आरोप लगाया कि मंत्री कविता जैन महिला दिवस पर क्या बात करेंगी, उनका काम तो उनके पति देखते हैं। भुक्कल के इस बयान की मंत्री ने आलोचना की और उनसे माफी मांगने और उन्हें सदन से बाहर करने की मांग कर दी।
दोनों में तीखी नोकझोंक के बीच मंत्री ने भी आरोप जड़ दिया कि आज महिला ही एक-दूसरे की शत्रु हैं। आखिरकार, सदन में निंदा प्रस्ताव लाया गया। कांग्रेस विधायकों ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रस्ताव की निंदा की। आखिरकार सदन को वीरवार सुबह 10 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।
विधानसभा में बुधवार को जब मंत्री और पूर्व मंत्री के बीच नोकझाेंक चल रही थी, उस वक्त भाजपा के विधायकों और मंत्रियों ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। सभी निंदा प्रस्ताव की मांग पर अड़े रहे, आखिरकार इसके पारित होने के बाद ही मामला शांत हुआ।