यमुनानगर। ग्राम और नगर योजनाकार विभाग ने वीरवार को गुलाबनगर चौक के समीप बिना परमीशन काटी गई कामर्शियल कॉलोनी की सड़कों को जेसीबी से उखाड़ दिया। इससे पहले विभाग की ओर से संबधित पक्ष को बिना परमिशन कालोनी काटने पर कारण बताओ नोटिस भेजा गया था। नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की।
ग्राम और नगर योजनाकार अधिकारी डीआर पचीसिया ने बताया कि उन्हें गुलाबनगर के निकट बिना अनुमति एक कॉलोनी काटे जाने की शिकायत मिली थी। इस पर उन्होंने कॉलोनी में रहने वाले लोगों को अगस्त माह में नोटिस जारी किया गया था। यह कालोनी लगभग दो एकड़ एरिया में बनाई जा रही थी।
यहां पर दुकानें और शोरूम के प्लाट आदि काटे जाने की उन्हें सूचना मिली थी। नोटिस देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो विभाग ने 13 अगस्त को कालोनी में अवैध निर्माण गिराने का नोटिस जारी कर दिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार जगाधरी के नेतृत्व में वीरवार को विभाग का दस्ता मौके पर पहुंचा और यहां पर बन रही कच्ची सड़कों को उखाड़ दिया। इस कार्रवाई के दौरान विभाग के जेई श्याम लाल के अलावा पुलिस बल मौजूद रहा।