सीबीएसई 12वीं के नतीजों में आरुषि महाजन कॉमर्स वर्ग से ट्राइसिटी टॉपर बनी हैं। उन्होंने 98.8 अंक पाए हैं। गुरदासपुर निवासी सीए संदीप कुमार की बेटी चंडीगढ़ में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थीं। वह सफलता का श्रेय अपनी मां पारुल गुप्ता को देती हैं।
आर्ट्स में अनुषा नागर रहीं अव्वल
सेक्टर-27 स्थित भवन विद्यालय की छात्रा अनुषा नागर आर्ट्स वर्ग में 98.8 प्रतिशत अंक लाकर ट्राइसिटी टॉपर बनी हैं। मनीमाजरा स्थित राजीव विहार की रहने वाली अनुषा आगे की पढ़ाई दिल्ली यूनिवर्सिटी से करना चाहती हैं। उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी बेहद पसंद हैं। साथ ही उन्होंने महाराणा प्रताप को अपनी प्रेरणा का स्रोत बताया।
रजस ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर किया टॉप
सीबीएसई की ओर से घोषित किए गए 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम आर्मी पब्लिक स्कूल के लिए यादगार रहा है। आर्मी पब्लिक स्कूल की सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में स्कूल के रजस भट्ट ने नॉन मेडिकल में 99 प्रतिशत अंक हासिल करके एक मिसाल पेश की है। रजस भट्ट 99 प्रतिशत अंक हासिल करके पंजाब टॉपर रहे। रजस इस समय आकाश इंस्टीट्यूट में जेईई एडवांस की तैयारी कर रहे हैं।
रजस भट्ट के परिवार की बात करें तो रजस के पिता अनिल भट्ट आर्मी के रिटायर्ड अफसर हैं और मां राधा भट्ट गृहिणी हैं। रजस का कहना है कि हर क्षेत्र में उसके माता-पिता ने उनका हौसला बढ़ाया है। इतना ही नहीं रजस ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता के अलावा अपने शिक्षकों को भी दिया है। रजस का कहना है कि शिक्षकों के मार्गदर्शन की बदौलत ही वह परीक्षा में यह स्थान हासिल कर सका है।
रजस का मानना है कि मेहनत से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। रजस का कहना है कि पहले तीन जेईई मेन में उसने 354वां रैंक हासिल किया था। उसका लक्ष्य है कि वह इस परीक्षा में बढ़िया रैंक हासिल करे।