आरएसएस नेता रविंदर गोसाईं की हत्या में शामिल रमनदीप सिंह उर्फ कैनेडियन और हरदीप सिंह उर्फ शेरा के निशाने पर डेरा सच्चा सौदा के समर्थक थे। इतना ही नहीं फरवरी में खन्ना में हुई डेरा समर्थक पिता-पुत्र की हत्या में भी उक्त आरोपी शामिल थे।
सूत्रों से पता चला है कि यह बात नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी एनआईए द्वारा रिमांड पर लिए दोनों आरोपियों ने कबूली है। शुक्रवार को आरोपियों का चार दिन का रिमांड खत्म होने पर कड़ी सुरक्षा में अदालत में पेश किया गया। एनआईए ने आरोपियों का दस दिन का रिमांड मांगा था। हालांकि, अदालत ने आरोपियों को छह दिसंबर तक रिमांड पर भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक सतपाल कुमार 65 और उसका बेटा रमेश 40 की हत्या 26 फरवरी 2017 को खन्ना के पास स्थित एक गांव में हुई थी। जिस समय दोनों की हत्या हुई थी उस समय वह डेरा सच्चा सौदा की नाम चर्चा गृह की कैंटीन में मौजूद थे। उसके बाद से यह केस उलझा हुआ था। वहीं, एनआईए के एक अधिकारी ने नाम न लिखने की शर्त पर बताया कि विदेशों में बैठे कट्टरपंथी समूहों के कहने पर ही उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि जांच में यह बात सामने आई है कि यूके बेस्ड इंटरेनशनल सिख यूथ फैडरेशन आईएसआईएफ सहित कुछ संगठनों के टच में थे। वहीं, मामले में पाकिस्तान की सीधी भूमिका सामने आ रही है।