क्रिकेट के प्रति गजब के जुनून को सलाम, फटे हुए नेट और बिना स्पोर्ट्स व्हील चेयर के मैदान में उतरे और पाकिस्तान को हराकर सीरीज अपने नाम कर ली। दुबई में इन दिनों क्रिकेट की धूम मची हुई है। एक और जहां एशिया कप खेला जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ टी-20 व्हील चेयर क्रिकेट सीरीज का आयोजन किया गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 व्हील चेयर क्रिकेट सीरीज को भारत ने 3-0 से जीतकर क्लीन स्वीप कर डाला। शुक्रवार को तीन मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला गया। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 9 विकेट से हराकर जीत दर्ज की।
पहले खेलते हुए पाकिस्तान ने बीस ओवर में 147 बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की टीम बेहतरीन खेल का परिचय देते हुए 15 ओवर में मात्र 1 विकेट खोते हुए 149 रन बनाकर मैच को जीत लिया। विजेता भारतीय टीम में चंडीगढ़ के दो खिलाड़ी वीर सिंह संधू और रोहित शामिल रहे। टी-20 व्हील चेयर क्रिकेट सीरीज को 3-0 से जीतने के बाद भारतीय व्हील चेयर खिलाड़ियों ने मैदान के चारों और तिरंगा लहराया। इस दौरान वहां उपस्थित भारतीय समर्थकों ने इन खिलाड़ियों का तालियां बजाते हुए जमकर उत्साह बढ़ाया।
नहीं मिली चंडीगढ़ से मदद
सीरीज जीतने के बाद वीर सिंह संधू ने बताया कि वह चंडीगढ़ सेक्टर 21 स्थित चेसायर होम में रहते हैं। जहां पर उनके साथ 8-10 अन्य साथी है जोकि बास्केटबॉल, वॉलीबाल, क्रिकेट खेलते हैं। संधू ने बताया कि व्हील चेयर खिलाड़ियों को किसी तरह की चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से मदद नही मिलती। जबकि बाकी स्टेट में वहां के रहने वाले व्हील चेयर खिलाड़ियाें को बड़ा टूर्नामेंट जीतने पर वहां का प्रशासन उन्हें आर्थिक तौर पर मदद करता है।
फटे हुए नेट्स और बिना स्पोर्ट्स व्हील चेयर के उतरे मैदान पर
वीर सिंह संधू ने बताया कि जिस घर में वह रहते हैं वहां पर एक नेट्स लगकर अभ्यास करते हैं जोकि कई जगह से फटा और खस्ताहाल में है। वहीं हमारे पास स्पोर्ट्स व्हील चेयर तक नहीं है। जबकि बड़े टूर्नामेंट में स्पोर्ट्स व्हील चेयर का होना आवश्यक है। इनके अनुसार अगर कोई संस्था, स्पांसर या फिर लोग हमारी मदद के लिए आगे आएं तो वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट में हम आसानी से बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं।