पंचकूला। सेक्टर-3 ताऊ देवीलाल स्टेडियम में वीरवार को प्रथम राष्ट्रीय पाईथियन-2024 सांस्कृतिक खेलों का शुभारंभ देश के कई राज्यों के कलाकारों की शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ हुआ। इन परंपरागत संस्कृति एवं खेलों के शुभारंभ पर रजिस्ट्रार सहकारी समितियां राजेश जोगपाल और प्रधान विजेंद्र गोयल ने समारोह में शामिल हुए पदाधिकारियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। गोवा, बांग्लादेश, ओडिशा राज्यों के प्रतिनिधियों के अलावा विदेश से आए प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और खेलों को लेकर बच्चों को प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि खेलों से नई परंपरा को बढ़ावा मिलेगा। इस कार्यक्रम में आईएएस राजेश जोगपाल और सभी पदाधिकारियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलावाया। बच्चों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई और नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों के प्रति सजग और जागरूक रहने की भी प्रतिज्ञा करवाई ताकि युवा अपनी ऊर्जा का समाज और देश के चहुंमुखी और सर्वांगीण विकास में लगा सकें।
पाईथियन काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) के प्रेसिडेंट बिजेंद्र गोयल ने कहा कि यह खेल नहीं हमारी बेहतरीन कला भी हैं, जो कि हमारी संस्कृति और भाईचारे की भावना को बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि यह बड़े ही गौरव की बात है कि इन आर्ट कल्चर ट्रेडिशनल खेल शुरू करने का प्रयास भारत देश ने किया है। इन्हीं खेलों से ओलंपिक खेल विकसित हुए हैं। इसलिए इन खेलों को जानना जरूरी है। राजस्थान के कलाकारों ने बहुत ही शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। इसी प्रकार हरियाणवी, पंजाबी गिद्दा ने भी दर्शकों के साथ खिलाड़ियों को थिरकने के लिए मजबूर कर दिया।