चंडीगढ़। राउंड ग्लास टेनिस अकादमी के खिलाड़ी दिग्विजय प्रताप सिंह ने आईटीएफ मेंस वर्ल्ड टेनिस टूर एम-15 टूर्नामेंट का एकल खिताब जीत लिया। टूर्नामेंट का आयोजन ग्वालियर में किया गया। दिग्विजय दूसरे सेट में 4-0 की बढ़त पर थे, जब उनके प्रतिद्वंद्वी मान केसरवानी रिटायर्ड हर्ट हो जाने से गेम से बाहर हो गए। इसके साथ ही खिताब दिग्विजय के नाम सुनिश्चित हो गया। दिग्विजय ने पहला सेट 6-2 से जीता था।
यह दिग्विजय का इस वर्ष का दूसरा खिताब है। इससे पहले उन्होंने पिछले महीने भोपाल में एम-25 टूर्नामेंट जीता था।
सेमीफाइनल में दिग्विजय ने शीर्ष वरीयता प्राप्त आर्यन शाह को एक रोमांचक तीन सेटों के मुकाबले में 4-6, 6-3, 7-6 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने क्वार्टरफाइनल में कजाकिस्तान के चौथी वरीयता प्राप्त ग्रिगोरी लोमाकिन को 7-6, 6-2 से मात दी। टूर्नामेंट की शुरुआत उन्होंने पहले राउंड में माधविन कामथ को 6-4, 6-2 से हराया था। जिसके बाद दूसरे दौर में उन्होंने मकर क्रिश चेकोव को 6-3, 7-5 से पराजित किया था।