इंस्पेक्टरों के बाद एसआई, एएसआई, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों के लिए डीआईजी ने नया फरमान जारी किया है। इन दिनों यूटी पुलिस विभाग में एफिशियंसी टेस्ट की काफी चर्चा है। इंस्पेक्टरों के इफिशियंसी टेस्ट के बाद यूटी पुलिस महकमा सब इंस्पेक्टरों, एएसआई, हेड कांस्टेबलों और कांस्टेबलों के भी टेस्ट लेगा।
डीआईजी ए एस चीमा ने बताया कि 71 इंस्पेक्टरों के अलग अलग बैचों में टेस्ट होने के बाद विभाग सब इंस्पेक्टरों, एएसआई, हेड कांस्टेबलों और कांस्टेबलों के भी टेस्ट लेगा। उन्होंने बताया कि टेस्ट का प्रमोशन या ट्रांसफर से कोई लेना देना नहीं है। कुछ इंस्पेक्टरों में ये भावना है कि इस टेस्ट में अगर उनके नंबर कम आए तो उनका ट्रांसफर हो जाएगा या प्रमोशन पर असर पडे़गा। ये सोचना बिल्कुल गलत है। इस टेस्ट का मकसद कर्मचारियों को नया कुछ सीखने के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस वेबसाइट पर 2 हजार प्रश्न व उनके उत्तर डालेगी पुलिस
चीमा ने बताया कि विभाग की आफिशियल वेबसाइट पर दो हजार सवाल और उनके जवाबों को अपलोड किया जाएगा। जिससे कर्मचारियों की आईपीसी, पोक्सो एक्ट व अन्य कानूनी कार्रवाईयों के बारे में जानकारी हासिल हो सकेगी। इससे उनकी नॉलेज तो बढ़ेगी ही साथ में रोजमर्रा के कामों को करने में आसानी होगी।
शनिवार को पहले बैच का दोबारा होगा टेस्ट
डीआईजी ने बताया कि मंगलवार को करीब 20 इंस्पेक्टरों ने टेस्ट दिए थे, लेकिन देखा गया कि उस दिन वो सभी बिल्कुल साथ-साथ बैठे हुए थे व आपस में बात भी कर रहे थे। अब उनका टेस्ट दोबारा शनिवार को लिया जाएगा। अब हमने फैसला किया है कि टेस्ट के दौरान उनको इतनी दूरी पर बैठाया जाएगा कि वे आपस में बातचीत न कर पाएं। अब तक दो बैचों में करीब 38 इंस्पेक्टर ऑनलाइन टेस्ट दे चुके हैं। पुलिसकर्मियों को 2 घंटे के इस टेस्ट में करीब 100 सवालों के जवाब देने होते हैं।