चंडीगढ़ में पेट्रोल के दाम बढ़े।
- फोटो : फाइल
चंडीगढ़ में पेट्रोल के दाम ने शतक लगा दिया है। बुधवार को सिटी ब्यूटीफुल में पेट्रोल के दाम 100.40 रुपये और डीजल 86.73 रुपये प्रति लीटर रहे। वहीं गुरुवार को यह दाम फिर बढ़ गए। गुरुवार को डीजल 87.48 और पेट्रोल 101.20 रुपये प्रति लीटर हो गया है। चंडीगढ़ के इतिहास में यह दूसरी बार है, जब शहरवासी 100 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल खरीदेंगे। डीजल के दाम भी उच्चतम स्तर पर हैं। इससे पहले 9 अक्तूबर 2021 को पेट्रोल ने शहर में 100 रुपये का आंकड़ा छुआ था।
22 मार्च से लगातार बढ़ रहे दामों में सिर्फ 24 मार्च को ही दाम स्थिर रहे थे। एक हफ्ते में दाम करीब पांच रुपये बढ़ गए हैं। पड़ोसी जिला मोहाली और पंचकूला में पेट्रोल ने कुछ दिन पहले ही 100 का आंकड़ा पार कर लिया था। दामों में लगातार वृद्धि का असर आम आदमी की जेब पर दिखने लगा है। जरूरी चीजों के दाम बढ़ रहे हैं तो आने-जाने का खर्च भी बढ़ चुका है। दाम बढ़ने से ग्राहकों का ही नहीं डीलर्स का भी नुकसान हो रहा है क्योंकि उनका मार्जिन तेल की कुल बिक्री पर होता है। क्रूड ऑयल महंगा हो रहा है लेकिन पेट्रोल के दाम अधिक बढ़ने का यह केवल एक ही कारण नहीं है। रिफाइनरी कर, ट्रांसपोर्टेशन, डीलर कमीशन के अलावा राज्यों का टैक्स भी पेट्रोल के दाम बढ़ा रहा है।
बीते पांच नवंबर को वैट घटाकर प्रशासन ने दी थी राहत
पांच नवंबर 2021 को यूटी प्रशासन ने पेट्रोल और डीजल पर वैल्यू एडेड टैक्स (वैट) को घटा दिया था। इससे पेट्रोल और डीजल के दाम करीब सात रुपये तक घट गए थे। इसके बाद शहर में डीजल 80.90 रुपये प्रति लीटर और 94.23 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल हो गया था। चंडीगढ़ में वर्तमान में पेट्रोल पर प्रति लीटर 15.24 प्रतिशत या 12.42 रुपये (जो भी ज्यादा होगा) और डीजल पर 6.66 प्रतिशत या फिक्स 5.07 रुपये (जो भी ज्यादा होगा) वैट वसूला जा रहा है।