पंजाब में सोमवार को पेट्रोल के दाम 91.56 रुपये प्रति लीटर रहे। वहीं डीजल का भाव 82.70 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इसके अलावा चंडीगढ़ में सोमवार को पेट्रोल 87.16 रुपये प्रति लीटर और डीजल का दाम 80.67 रुपये प्रति लीटर है।
जानिए आपके शहर में कितना है दाम
पेट्रोल-डीजल की कीमत आप एसएमएस के जरिए भी जान सकते हैं। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, आपको RSP स्पेस अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा। हर शहर का कोड अलग-अलग है, जो आपको आईओसीएल की वेबसाइट से मिल जाएगा।
वहीं पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने राज्य भर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनों का नेतृत्व पार्टी के जिला प्रधानों ने किया। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। इस मौके पर आप नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी के कारण आम लोगों का जीवन काफी प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन कर रहे आप नेताओं ने कहा कि उत्तर भारत के सभी राज्यों में से पंजाब में पेट्रोल और डीजल की कीमत सबसे ज्यादा है। अन्य राज्यों के मुकाबले कैप्टन सरकार डीजल-पेट्रोल पर जनता से ज्यादा टैक्स वसूल रही है, इसलिए अन्य उत्तर भारतीय राज्यों की तुलना में पंजाब में पेट्रोल लगभग 4 और डीजल 3 रुपये महंगा बिक रहा है। पेट्रो पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण पंजाब के लोगों को हो रही समस्याएं दूर करने के बजाय मुख्यमंत्री अपने फार्म हाउस में बैठे हुए हैं। एक तरफ कैप्टन राज्य की सरकारी संपत्तियों को माफियाओं के हाथों लुटवा रहे हैं और दूसरी तरफ पेट्रोल-डीजल पर ज्यादा टैक्स लगाकर जनता को लूटा जा रहा है।
आप नेताओं ने कहा कि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण पंजाब के किसानों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि खेती करने के लिए किसानों को भारी मात्रा में डीजल की जरूरत पड़ती है। एक तरफ मोदी सरकार किसानों पर लगातार अत्याचार कर रही है और दूसरी तरफ कैप्टन सरकार तेल की कीमत बढ़ाकर किसानों और आम लोगों को लूट रही है।