पंचकूला में सेक्टर-6 स्थित जनरल अस्पताल में 15 अगस्त से जिले के किडनी से संबंधित मरीजों को डायलिसिस की सुविधा आधे रेट पर मिलेगी। यह सुविधा सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम के तहत मरीजों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के तहत दी जाएगी। अस्पताल की इमरजेंसी के पास डायलिसिस सेंटर का सेटअप करीब 15 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है।
वहीं इस सेंटर में सवा करोड़ की लागत से अगस्त के पहले सप्ताह तक मशीन लगा दी जाएगी। इसके बाद टेक्निकल स्टाफ मशीनों को इंस्टॉल करेंगे। उसके बाद 15 अगस्त से मरीजों को डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। जनरल अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को पीजीआई और प्राइवेट अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
क्या होगा चार्ज
जनरल अस्पताल में एक मरीज से 650-900 रुपये तक डायलिसिस के लिए चार्ज किया जाएगा। जबकि प्राइवेट अस्पतालों में 2000 रुपये से शुरुआत होती है और 4500 रुपये तक डायलिसिस के लिए चार्ज किया जाता है।
इनके लिए फ्री सुविधा
डायलिसिस की सुविधा कुछ कैटेगरी के मरीजों को फ्री मिलेगी। इनमें बीपीएल कार्ड धारक, अर्बन स्लम एरिया के मरीज, एससी और दिव्यांग भत्ता पाने वाले शामिल हैं।
आठ बेड का होगा डायलिसिस सेंटर
जनरल अस्पताल की इमरजेंसी के पास बनाया जा रहा डायलिसिस सेंटर आठ बेड का होगा। मरीजों की संख्या अधिक होने पर पांच बेड और बढ़ाए जाएंगे।
क्या है डायलिसिस
किडनी की कार्यक्षमता कमजोर होने पर शरीर से जहरीला पदार्थ पूरी तरह नहीं निकल पाता, क्रिएटिनिन और यूरिया जैसे पदार्थों की अधिकता होने पर कई प्रकार की समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में मशीनों की सहायता से रक्त को साफ करने की प्रक्रिया को डायलिसिस कहते हैं।
पीपीपी के तहत जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा प्राइवेट अस्पतालों से करीब आधे रेट पर मिलेगी। अगस्त तक इस सुविधा की शुरुआत कर दी जाएगी।
- डॉ. बीना सिंह, पीएमओ, जनरल अस्पताल पंचकूला