चंडीगढ़ पहुंचे महेंद्र सिंह धोनी
- फोटो : अमर उजाला
बेशक आईपीएल के मौजूदा सीजन में कैप्टन कूल के नाम से मशहूर रहे महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पिछले मुकाबलों में बेहतर खेल नहीं दिखा पाई हो, लेकिन माही का मैजिक बरकरार है।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के मुल्लांपुर स्टेडियम में 8 अप्रैल को होने जा रहे पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स मुकाबले के सभी टिकट बिक चुके हैं। यह पहली बार होगा जब मुल्लांपुर स्टेडियम में महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट प्रशंसकों के बीच खेलते हुए नजर आएंगे। क्रिकेट प्रशंसक अपने फेवरेट खिलाड़ी के इस मैदान पर चौके और छक्के देखने के लिए बेताब हैं।
यह भी पढ़ें: वेज खाने में निकली हड्डियां: नवरात्र का व्रत... शाकाहारी खाने में चिकन... जीरकपुर के सेठी ढाबे में खूब हुआ बवाल, Video
सिर्फ दो दिन में ही बिक गईं सारी टिकटें
यह महेंद्र सिंह के व्यक्तित्व का जलवा है कि मुल्लांपुर स्टेडियम में होने वाले पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के मुकाबले के लिए क्रिकेट प्रशंसकों ने पहले से ही तैयारी कर रखी थी। ऑनलाइन टिकट देने वालों के अनुसार पिछले महीने 28 मार्च को इस मुकाबले के लिए ऑनलाइन टिकटें बिकनी शुरू हुई थीं और पहले ही दिन 15 मिनट के अंदर देश के कई राज्यों से 18 हजार लोगों ने ऑन लाइन टिकट खरीद ली थी। वहीं, दूसरे दिन 29 मार्च को स्टेडियम की बाकी टिकटें बिक चुकी थीं।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पहुंची शहर
मुकाबले के लिए महेंद्र सिंह धोनी और टीम के अन्य खिलाड़ी रविवार को चंडीगढ़ पहुंच चुके है। दोपहर 2.30 बजे के करीब खिलाड़ी शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ पहुंच गए थे। इसके बाद टीम चंडीगढ़ के होटल की ओर रवाना हो गई। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी 7 अप्रैल को मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेने के लिए मैदान पर उतरेंगे।
दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद खास
दोनों ही टीमों ने अपना पिछला मुकाबला हारा है। इस लिहाज से दोनों के लिए यह मुकाबला बेहद खास है। पंजाब किंग्स पहले दो मैचों में बेहतर लय में थी, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 5 अप्रैल को हुए मुकाबले में हार के बाद जीत के लिए छटपटा रही है।