कार्तिक कृष्ण पक्ष त्रयोदशी 28 अक्तूबर दिन शुक्रवार को धनतेरस है। इस दिन सोना चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। सुबह 10 बजकर 30 मिनट से दोपहर 12 बजे तक राहुकाल है। राहुकाल में शुभ कार्य या बर्तन खरीदने की मनाही की गई है। यह कहना है सेक्टर-30 के श्री महाकाली मंदिर स्थित भृगु ज्योतिष केंद्र के प्रमुख बीरेंद्र नारायण मिश्र का।
मिश्र ने बताया कि शुक्रवार धनतेरस के दिन सुबह नौ बजकर 22 मिनट से सुबह 10 बजकर 30 मिनट तक लाभ और अमृत की चौघड़िया है। यह समय खरीदारी के लिए बहुत ही शुभ समय है। इसके बाद 10 बजकर 30 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजे तक राहुकाल और काल की चौघड़िया है। इसमें सोना चांदी और बर्तन खरीदना अशुभ माना गया है।
दोपहर बाद 12 बजकर छह मिनट से दोपहर बाद एक बजकर 28 मिनट तक शुभ की चौघड़िया है। शाम चार बजकर 12 मिनट से शाम पांच बजकर 34 मिनट तक शुभ है। इन समयों में बर्तन खरीदना शुभ है। इसके बाद मध्यम है। धनतेरस हस्त नक्षत्र कन्या राशि में चंद्रमा होने के कारण इस वर्ष चांदी का बर्तन खरीदना शुभ माना जा रहा है।