पुलिस कर्मचारियों में अपनी ड्यूटी के प्रति समर्पण की भावना बढ़ाने के प्रयासों के तहत पंजाब पुलिस के डीजीपी सुरेश अरोड़ा ने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में एएसआई करमजीत सिंह और हवलदार जगदीश कुमार, जो कि पीसीआर कपूरथला में तैनात हैं, को किसी राहगीर का सड़क पर गिरा पैसों से भरा पर्स लौटाने के सराहनीय कार्य के लिए उन्हें कमांडेशन सर्टिफिकेट और 5000-5000 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।
इस मौके पर एडीजीपी सुरक्षा आरएन ढोके, एडीजीपी माडर्नाइजेशन एसके अस्थाना और डीजीपी स्टाफ के अधिकारी भी मौजूद थे। डीजीपी ने इस अवसर पर बताया कि बहुत जल्द पुलिस विभाग द्वारा 4000 कर्मचारियों को पदोन्नत किया जाएगा। इस संबंध में प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है।
पंजाब में दो आईपीएस अधिकारियों का तबादला
पंजाब सरकार ने गुरुवार को तत्काल प्रभाव से दो आईपीएस अधिकारियों के प्रशासनिक आधार पर तबादले किए हैं। प्रवक्ता ने बताया कि आईपीएस इकबाल प्रीत सिंह सहोता को अतिरिक्त डायरेक्टर जनरल पुलिस, रेलवे पंजाब चंडीगढ़ और आईपीएस रोहित चौधरी को अतिरिक्त डायरेक्टर जनरल पुलिस जेल पंजाब चंडीगढ़ के तौर पर तैनात किया गया है।
पंजाब एससी कमीशन की चेयरपर्सन तजिंदर कौर ने पद संभाला
पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग की नवनियुक्त चेयरपर्सन तजिंदर कौर ने गुरुवार को पंजाब सिविल सचिवालय स्थित आयोग के कार्यालय में अपना ओहदा संभाल लिया। तजिंदर कौर 1973 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और सितंबर 2009 में बतौर प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा व औद्योगिक प्रशिक्षण के पद से सेवामुक्त हो चुकी हैं। इसके बाद पंजाब सरकार ने उन्हें नवंबर 2009 में अगले पांच साल के लिए पंजाब राज्य इंफ्रास्ट्रक्चर रेगुलेटरी अथारिटी की चेयरपर्सन नियुक्त कर दिया था। गुरुवार को अपना नया पद संभालने के बाद उन्होंने आयोग के सदस्य प्रभदयाल सिंह, राजकुमार और तरसेम सिंह सियालका के साथ आयोग में लंबित केसों पर विचार विमर्श किया।