चंडीगढ़। सेक्टर-29 स्थित गढ़वाल भवन में रविवार को बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ सेवा समिति की ओर से एक शाम बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ जी के नाम भजन संध्या का आयोजन किया गया। भक्ति गीतों, जागर, थडिया गीत और चौंफला नृत्य की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उत्तराखंड की लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के रंग में रंगे कार्यक्रम में श्रद्धालु बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ के जयकारे लगाते हुए झूमते रहे।
समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ जी की भक्ति और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ उत्तराखंड की समृद्ध लोक एवं धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
भजन संध्या में उत्तराखंड से आए कलाकारों के साथ ट्राईसिटी की करीब 18 महिला कीर्तन मंडलियों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। शर्मिला उनियाल, रेखा रावत, हेमलता उनियाल, अंबिका संजय, पीयूष और रजनी कोठारी सहित कलाकारों ने भक्ति गीत, जागर और लोकगीत प्रस्तुत किए। हिमवंत देश मेरो सहित बाबा के भजनों ने माहौल भक्तिमय बना दिया। थडिया गीत और चौंफला नृत्य की प्रस्तुति पर उत्तराखंडी समाज के लोग उत्साहपूर्वक झूम उठे।
हीरा समधिणी गीत पर पारंपरिक नृत्य ने भी खूब तालियां बटोरीं। देवताओं के जागर और मोहन तेरी मुरली बाजे जैसे बाजूबंद गीतों ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक पेश की। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, वरिष्ठ नेता संजय टंडन, रामवीर भट्टी, सीनियर डिप्टी मेयर जसमन प्रीत सिंह, अरुण सूद, गढ़वाल भवन के अध्यक्ष शंकर सिंह पंवार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समिति के प्रधान रणबीर सिंह नेगी, महासचिव सुंदर लाल नौटियाल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बाबा श्रीगुरु माणिकनाथ जी के जयकारों के साथ हुआ।