चंडीगढ़। चैत्र नवरात्र और नव संवत्सर पर मंगलवार को मंदिरों में लोग पहंचे। मंदिरों में नवरात्र पर कलश स्थापना के बाद दुर्गा सप्तशती और रामायण पाठ का शुभारंभ हुआ। शाम में मंदिरों में भव्य आरती हुई।
भक्तों ने मंदिरों में परिवार के साथ माथा टेका। हालांकि कोरोना संक्रमण के डर के कारण भीड़ कम रही। सेक्टर-30 के श्री महाकाली मंदिर में दुर्गा सप्तशती का पाठ का शुभारंभ किया गया। श्री महाकाली मंदिर को संचालित करने वाली संस्था श्री कृष्ण भक्ति आश्रम मंडल के प्रधान राकेश पाल मोदगिल ने बताया कि कोविड के दिशानिर्देशों का पालन किया गया।
सेक्टर-30 के शिव शक्ति मंदिर के प्रमुख पुजारी पंडित श्याम सुंदर शास्त्री ने बताया कि पुजारियों ने मंदिर में दुर्गा सप्तशती का पाठ और रामचरित मानस का पाठ का शुभारंभ किया। सेक्टर-46 के श्री सनातन धर्म मंदिर के प्रधान जतिंदर भाटिया ने बताया कि मंदिर में नवरात्र पर सुबह दुर्गा सप्तशती का पाठ के अलावा हवन हुआ। शाम को सुंदरकांड का पाठ हुआ।
सेक्टर-8 के प्राचीन शिव मंदिर के प्रधान एचएस लकी ने बताया कि सुबह हवन पूजन और पाठ के भक्तों को प्रसाद बांटा गया। सेक्टर-20 के श्री गुग्गा माड़ी श्री हनुमान मंदिर के प्रमुख पंडित किशोरी लाल ने बताया कि नवरात्र पर मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया। मंदिर के पुजारियों ने दुर्गा सप्तशती और रामायण पाठ किया। सेक्टर-11 के श्री सनातन धर्म मंदिर के प्रधान अरुणेश अग्रवाल ने बताया कि शाम में महामाई की भव्य आरती हुई। भक्तों को पैकेट में बंद लड्डू का प्रसाद बांटा गया।
आयुर्वेदिक औषधि वितरित की गई। उन्होंने कहा कि इस औषधि के सेवन से पूरा एक साल तक व्यक्ति निरोग रहेगा। मंदिर कमेटी की ओर से यह दवा मुफ्त प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि इस आयुर्वेदिक औषधि में नीम, तुलसी गिलोय, आजवाइन, सैंधा नमक, काली मिर्च, देशी शक्कर और त्रिफला मिश्रित किया गया है।
सेक्टर 20 के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में नवरात्र पर भव्य आरती हुई। सेक्टर 18 के श्री राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी डॉ लाल बहादुर दुबे ने बताया कि सुबह रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया। इसका भोग नवमी पर पड़ेगा। शाम में भव्य आरती की गई।
रिपोर्ट नीरज कुमार