मोहाली नगर निगम में नए साल की पहली बैठक 11 जनवरी को होगी। इस दौरान कुल 416 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव लाए जाएंगे। वहीं निगम को सरकार से 412 करोड़ की ग्रांट भी मिल गई है। जिससे विकास कार्यों में तेजी आएगी।
जानकारों की मानें तो इसे विधानसभा चुनाव की तैयारी समझा जा रहा है। क्योंकि सरकार पूरी प्लानिंग से मैदान में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक हाउस की मीटिंग में स्ट्रीट वेंडिंग एक्ट बायलॉज लागू करने का प्रस्ताव लाया जाएगा। जिसके बाद शहर में रेहड़ियां नहीं लगेंगी। बल्कि रेहड़ी फड़ी वालों को एक जगह अलॉट की जाएगी।
वहीं उन्हें रेहड़ियां लगानी होगी। साथ ही 2 फरयरमैन ओर 1 ड्राइवर को वर्दी देने का प्रस्ताव भी लाया जाएगा।
दस ड्राइवरों की भर्ती, नए वाहन लेने की तैयारी
निगम की ओर से 10 ड्राइवरों की नियुक्ति का प्रस्ताव भी लाया गया है। निगम में ड्राइवरों के बीस पद हैं। अभी 14 पक्के ड्राइवर निगम में काम कर रहे हैं। इनमें 4 ड्राइवर डायरेक्टरेट में काम रहे हैं। निगम की ओर से 5 ड्राइवर आउटसोर्स से लिए गए हैं। निगम को स्वच्छ भारत मिशन के तहत 151.75 लाख रुपये की ग्रांट मिली है। पीएसडीसी की ओर से इस फंड से 2 डंपर प्लेसर, 1 जेसीबी, 1 ट्रैक्टर लोडर, 3 टिप्पर की खरीद की जानी है। इसके अलावा 10 ड्राइवर को एक साल के लिए आउटसोर्स से डीसी रेट पर नियुक्त करने का प्रस्ताव भी लाया जाएगा।
प्राइवेट कंपनी संभालेगी शौचालयों का ठेका
बैठक में शौचालयों की संभाल और उनकी सफाई के लिए ठेका देने का प्रस्ताव भी लाया जा रहा है। पिछले वर्ष शहर में विभिन्न शौचालयों की सफाई का काम गमाडा की ओर से निगम को दिया गया था। इनमें 40 शौचालय शामिल थे। निगम ने आगे ठेका प्राइवेट कंपनी को दिया था। हर शौचालय के काम पर 48 हजार रुपये मासिक खर्च आता है। यह ठेका मार्च में खत्म हो जाएगा। वहीं, अब नए सेक्टरों में भी शौचालय बन गए हैं। शौचालयों की संख्या करीब 70 हो गई है। ऐसे में अब 54000 रुपये प्रति टायलेट के हिसाब से ठेका देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए 453.60 लाख रुपये का एस्टिमेट बनाया गया है।
सीवरेज व स्टॉर्म के लिए अलग से प्रस्ताव
इसके अलावा इंजीनियरिंग विभाग की ओर से विभिन्न कार्यों का एस्टिमेट तैयार किया गया है। जो मंजूरी के बाद बैठक में लाए जाएंगे। इनमें वाटर सप्लाई स्कीम का सालाना खर्च और निगम के अधीन आने वाले ट्यूबवेलों को चलाने के लिए 17.52 लाख रुपये, स्टार्म वाटर के मेनहोल चैंबर को ऊंचा करने के लिए व सेेक्टर 48, 70 और 71 के लिए 8.81 लाख रुपये के प्रस्ताव शामिल हैं। रोड गलियों और मेनहोल में गाद की सफाई के लिए 12.47 लाख का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त रखने पर खर्च होंगे लाखों
सरकारी प्रिंटिंग प्रेस ओर एमसी स्टोर में स्टार्म वाटर ड्रेनेज लाइन की रीकंस्ट्रक्शन के लिए 9.94 लाख, स्ट्रीट लाइट और पैट्रोलर के लिए 6.6 लाख, विभिन्न सड़कों के किनारों को अपग्रेड करने के लिए 70 लाख, स्ट्रीट लाइट्स पर सालाना रख रखाव के लिए मैटेरियल सप्लाई करने के लिए 49.95 लाख रुपये, एमसी के अंदरूनी पार्क में स्ट्रीट लाइट के सालाना रख-रखाव के लिए 26.55 लाख खर्च होंगे।
37.21 लाख से अपग्रेड होंगे ट्रैफिक सिग्नल
गांव मोहाली की गली नंबर-122 में स्ट्रीट लाइट प्वाइंट के लिए 81 लाख, सेक्टर 67 और 68 मंगू पेट्रोल पंप और बावा वाइट हाउस के पास, सेक्टर 66 और 82, आईवीवाई जंक्शन, सेक्टर 70-71 और फेज-2 और 3 के जंक्शन मे ट्रैफिक सिग्नल को अपग्रेड करने के लिए 37.21 लाख रुपये का एस्टिमेट बनाया गया है।
ग्रीन बैल्टों सहित कई स्थानों पर बनेंगे शौचालय
शहर के विभिन्न स्थानों में शौचालय बनाए जाने के लिए विचार किया जा रहा है। इसमें ग्रीन बेल्ट फेज-6, फेज-3 इंडस्ट्री एरिया और गांव मदनपुरा सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट के पास, फेज-11 रोज गार्डन फेज 3 बी1 के एंट्री प्वाइंट के पास, शापिंग सेंटर फेज-3ए, कम्युनिटी सेंटर सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट को शामिल किया है। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से शौचालय बनाने के लिए 26-26 हजार रुपये प्रति सीट के लिए ग्रांट मिली है।
नए शौचालयों के लिए शहरी विकास मंत्रालय ने इनका डिजाइन तैयार कराया है। जिसके अनुसार 3 कैटेगरी के एस्टिमेट तैयार किए गए हैं। इनमें कैटेगरी 1 में पुरुषों के दो, 1 महिलाओं, एक निशक्तों और 2 यूरीनल रखे गए हैं। कैटेगरी-2 में पुरुषों का एक, महिलाओं का एक और दो यूरिनल रखे गए हैं। कैटेगरी में तीन में पुरुषों के दो, महिलाओं का एक और दो यूरिनल रखे गए हैं। कैटेगरी एक के लिए 20.12 लाख, कैटेगरी दो के लिए 39.90 और कैटेगरी तीन के लिए 28.66 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें कुल 118.68 लाख का खर्च आएगा।
श्मशानघाट की बदलेगी सूरत, बनेंगे 25 लॉकर
निगम की ओर से श्मशानघाट इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 में होने वाले कार्यों का भी प्रस्ताव लाया जाएगा। वहां मौजूदा शेड की जगह नए शेड बनाए जाएंगे। संस्कार वाली जगह पर फायर ब्रिक्स लगाने और बाकी की जगह पर डीबी पेविंग करण, श्मशानघाट में पैदल रास्ते में बने शेड को बदलना, पार्किंग का प्रबंध करना, गुरु नानक कॉलोनी वाले इलाके से आते हुए गेट को चौड़ा करना, श्मशानघाट के पास जाते हुए रास्ते पर साइन बोर्ड लगाना, श्मशानघाट में गाड़ियों के गुजरने वाले रास्ते पर लगती जगह को पार्क के तौर पर विकसित करना, उसके चारों ओर बाउंड्री करना, पीने के पानी के लिए आरओ सिस्टम लगाना, यहां की रोड गलियों की मरम्मत करना, 25 लॉकरों की व्यवस्था करना शामिल है। इसमें कुल 42.31 लाख रुपये का एस्टिमेट तैयार किया गया है।
ट्रैफिक पुलिस को मिलेगा यह सामान
पुलिस को निगम ने नया सामान खरीदकर देने की तैयारी की है। इसमें एक टवेरा गाड़ी, स्पीड गाडर गन, एल्कोमीटर खरीदे जाएंगे। इसके लिए 17.40 लाख रुपये तक खर्च होने की संभावना है।