पटियाला शहरी विधानसभा हलके से आप प्रत्याशी हरजीत सिंह अदालतीवाला ने मथुरा कालोनी समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से समर्थन की अपील की। अदालतीवाला के साथ आप सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी और अन्य नेता भी मौजूद रहे।
इस दौरान आयोजित चुनावी सभाओं में डॉ. गांधी ने कहा कि कांग्रेस व अकालियों ने आज तक पटियाला का कोई विकास नहीं किया, तो अब उपचुनावों में यह पार्टियां किस मुंह से लोगों से वोट मांग रहे हैं। पिछले सात सालों से बादल सरकार सत्ता में है, लेकिन हमेशा इस सरकार ने पटियाला से पक्षपात किया है।
उधर कांग्रेस की प्रत्याशी परनीत कौर लगातार 15 साल पटियाला लोकसभा हलके से सांसद रहीं और केंद्र में मंत्री भी रहीं। उनके पति कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला विस हलके से विधायक होने के साथ-साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भी रहे। लेकिन इन दोनों ने कभी पटियाला की सुध नहीं ली।
डॉ. गांधी ने लोगों से इन रिवायती पार्टियों से छुटकारा पाकर सिस्टम में बदलाव के लिए आप के हक में वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन दोनों पार्टियों ने पंजाब में बारी-बारी से राज करके राज्य में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, नशाखोरी और जुर्म व महंगाई बढ़ाई है। जिससे आज सभी लोग त्रस्त हैं। इस मौके पर जिला कनवीनर जरनैल सिंह मनु, चैतन्या शर्मा, गुरचरन सिंह, फौजी गुरमेल सिंह, सतपाल और कांता देवी मौजूद रहे।