संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। नैक ग्रेड ए+ से मान्यता प्राप्त देश भगत यूनिवर्सिटी (डीबीयू) ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी वैश्विक पहचान को और सशक्त करते हुए उत्तरी अमेरिकी क्षेत्र में सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस में अपना दूसरा अंतरराष्ट्रीय मेडिकल कैंपस स्थापित किया है। यह कैंपस देश भगत यूनिवर्सिटी अमेरिकास स्कूल ऑफ मेडिसिन के नाम से शुरू किया गया है जिसे एनएबी एक्रेडिटेशन प्राप्त है। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त एमडी प्रोग्राम संचालित किया जाएगा जिसे एमबीबीएस के समकक्ष माना जाता है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में डीबीयू की ओर से लुधियाना में एजुकेशन पार्टनर्स मीट एवं उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह कारवां-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों, शिक्षाविदों और शिक्षा भागीदारों ने सहभागिता की।
डीबीयू के वाइस चांसलर डॉ. हर्ष सदावर्ती ने बताया कि विश्वविद्यालय ने छात्रों के लिए शैक्षणिक और वैश्विक अवसरों के विस्तार की दिशा में दो महत्वपूर्ण पहलें शुरू की हैं। इनमें डीबीयू अमेरिकास स्कूल ऑफ मेडिसिन में वर्तमान सत्र के लिए दाखिले तथा देश भगत प्रवेश एवं छात्रवृत्ति परीक्षा (डीबीईएसटी) का शुभारंभ शामिल है। डीबीईएसटी एक राष्ट्रीय डिजिटल परीक्षा है, जो सात व्यावसायिक क्षेत्रों में प्रवेश और छात्रवृत्ति के लिए एकल मंच उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने बताया कि अन्य देशों के कई मेडिकल संस्थानों की तुलना में यहां की ट्यूशन फीस भी किफायती रखी गई है। अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा, आधुनिक प्रयोगशालाएं और पूरी तरह सुसज्जित कक्षाएं इस संस्थान की प्रमुख विशेषताएं हैं। यहां से स्नातक छात्र अमेरिका, सेंट विंसेंट एवं ग्रेनेडाइंस सहित अन्य देशों में चिकित्सा क्षेत्र में बेहतर करियर अवसर प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर संचालन निदेशक इंजीनियर अरुण मलिक और ओएसडी अमित कुकरेजा ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य सक्षम, कुशल और वैश्विक दृष्टिकोण वाले स्वास्थ्य सेवा पेशेवर तैयार करना है।