गुरुवार सुबह से ही सेंट्रल जेल के आसपास क्षेत्र के अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सिविल अस्पताल व अन्य सार्वजनिक और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस ने सुरक्षा का पहरा मजबूत कर दिया था। आईटीबीपी की कंपनी में करीब सौ जवान शामिल थे, जिन्हें सिटी, कैंट व साहा में अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया। सेंट्रल जेल के मुख्य गेट के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया। यहां पर नाकेबंदी की गई, जो कि देर शाम तक रही।
सजा को लेकर जिले में पहले से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई थी। दोपहर बाद और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। दिनभर पुलिस टीमों ने गश्त की। नाकेबंदी कर कई वाहनों की तलाशी ली गई।-अनिल गुर्जर, डीएसपी, अंबाला कैंट
दंगों से निपटने के लिए आरएएफ की पांच कंपनियों को दी थी विशेष ट्रेनिंग
पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में आने वाले फैसले को लेकर दंगे-बवाल की आशंका को लेकर सरकार सुरक्षा की दृष्टि से कोई भी कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहती थी। यहीं कारण था कि इनसे निपटने को रोहतक में विशेष ट्रेनिंग प्राप्त रेपिड एक्शन फोर्स की कंपनी को भेजा गया था। हाल ही में आरएएफ की पांच कंपनियों को मेरठ, पंचकूला में विशेष ट्रेनिंग दी गई थी। कंपनी में बीस महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहीं
राम रहीम पर आने वाले फैसले के मद्देनजर अर्ध सैनिक बल की एक टुकड़ी को भी रोहतक के विभिन्न स्थानों पर तैनात करने के निर्देश दिए गए थे। सुरक्षा की दृष्टि से बुधवार को ही अर्ध सैनिक बल आरएएफ की एक कंपनी फोर्स रोहतक पहुंच गई थी। फोर्स के जवानों ने रोहतक के अलावा सुनारिया जेल के आसपास क्षेत्र में पहुंचकर भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया था।
आरएएफ के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि रोहतक में बवाल की आशंका के मद्देनजर अधिकारियों ने जनवरी माह में ही मेरठ, पंचकूला में विशेष ट्रेनिंग प्राप्त करने वाली आरएएफ की एक कंपनी को यहां पर भेजने का निर्णय लिया था। जालंधर से एक कंपनी फोर्स रोहतक पहुंची। हरियाणा के अलावा यूपी, राजस्थान, पंजाब समेत विभिन्न राज्यों में बवाल और दंगे रोकने के उद्देश्य से भेजा जाएगा।
मात्र 20 मिनट में मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हैं जवान
अधिकारी ने बताया कि विशेष ट्रेनिंग प्राप्त करने वाली फोर्स की खास बात यह है कि सूचना मिलने के बीस मिनट के अंदर ही फोर्स मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करती है। इसके लिए पहले दिन ही पहुंचकर भौगोलिक स्थिति का जायजा ले ले लिया जाता है। फोर्स वाटर कैनन गन, इंशाश से लेकर पेपर गन से लेस रहते हैं।