भले ही राम रहीम साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा हो, लेकिन बाहर बैठे लोग बाबा के फेसबुक पेज को लगातार अपडेट कर रहे हैं। हाल ही में राम रहीम की फेसबुक पर चल रही आईडी के संबंध में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
दरअसल, राम रहीम के अनुयायियों ने फेसबुक पर आईडी बनाकर यूपी, पंजाब और हरियाणा के ऐसे लोगों के मोबाइल नंबर डाल दिए, जिनका राम रहीम से कोई लेना देना ही नहीं है। इन लोगों ने पुलिस को शिकायत दी है। साथ ही बाबा की फेसबुक आईडी चला रहे लोगों के खिलाफ जांच करके कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। साइबर सेल मामले की जांच में जुट भी गई है।
दिन में आई 20 से अधिक कॉल तो हुई जानकारी
कानपुर के सुनील नाम के युवक ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि पिछले करीब तीन माह से उसके मोबाइल नंबर पर 20 से अधिक कॉल आ रही थीं। कॉल रिसीव करते ही लोग धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा कहते थे। पहले तो वह कुछ समझ नहीं सका। उसने लगा हो सकता है कि उसका नंबर किसी डेरे की दीवार पर लिख दिया गया हो।
वह गलत नंबर कहकर कॉल का देता था। मगर एक महीना पूर्व ही पता चला कि फेसबुक पर राम रहीम के सीक्रेट नाम से बनाई गई आईडी पर उसका नंबर डाला गया है। इसलिए उसने पुलिस से मामले की शिकायत की। इसके अलावा अमृतसर के भी एक युवक का नंबर राम रहीम की आईडी पर डाल दिया गया। उसने भी पुलिस से शिकायत की है।