राम रहीम का काफिला कड़ी सुरक्षा में गुरुग्राम के लिए रवाना।
- फोटो : अमर उजाला
25 अगस्त 2017 से सुनारिया जेल में बंद राम रहीम को प्रदेश सरकार ने 21 दिन की फरलो दे दी है। इस दौरान राम रहीम को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने 2 साध्वियों के यौन उत्पीड़न के मामले में 25 अगस्त 2017 को सजा सुनाई थी। पंचकूला में हिंसा के बाद राम रहीम को रोहतक की सुनारिया जेल में हेलिकॉप्टर से भेजा गया था। तभी से वह जेल में बंद है। बाद में पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड व रणजीत सिंह हत्याकांड में भी राम रहीम को सजा हुई।
पंजाब नंबर की गाड़ी में हनीप्रीत भी पहुंची जेल परिसर
सुबह 10 बजे ही जेल प्रशासन को राम रहीम को फरलो देने के आदेश राज्य सरकार से आ गए थे। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस व स्पेशल गारद को अलर्ट कर दिया गया। आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। करीब 3 बजे सिरसा डेरे से दो गाड़ी रोहतक पहुंची। आगे की गाड़ी हरियाणा नंबर तो पिछली गाड़ी पंजाब नंबर की थी। अगली गाड़ी में बेटा जसमीत सिंह इंसा व दूसरे परिजन थे। जबकि पंजाब नंबर की गाड़ी में हनीप्रीत बैठी थी। डीएसपी मुख्यालय सज्जन सिंह, गुरुग्राम पुलिस के डीएसपी वीरसिंह, इंस्पेक्टर परमजीत व इंद्रवीर सहित पुलिस का काफिला और परिजन राम रहीम को लेकर 3 बजकर 25 मिनट पर रवाना हो गया। सांपला के पास जिले का बार्डर पार करने के बाद रोहतक पुलिस की टीम वापस आ गई।
पैरोल और फरलो
जेल नियमों के तहत कैदी पैरोल या फरलो के लिए आवेदन कर सकता है। इसका निर्णय सरकार व जिला प्रशासन को कानून व्यवस्था या दूसरी आपत्तियों को देखकर लेना होता है। पैरोल के लिए कारण बताना पड़ता है, जबकि फरलो के लिए ऐसा नहीं है। वकील सुनील कुमार ने बताया कि पैरोल की अवधि कुल सजा के अंदर से कम नहीं होती, जबकि फरलो की अवधि कुल सजा में ही गिनी जाती है।
एक साल में पांच बार जेल से बाहर आया राम रहीम
- 12 मई 2021 : राम रहीम ने ब्लड प्रेशर व बेचैनी की शिकायत की। इसके चलते उसे पीजीआई में जांच के लिए लाया गया।
- 17 मई 2021 : राम रहीम को मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल दी गई। पुलिस सुरक्षा में उसे गुरुग्राम ले जाया गया।
- 3 जून 2021 : राम रहीम ने पेट में दर्द की शिकायत की, इसके चलते पीजीआई में लाया गया।
- 8 जून 2021 : राम रहीम को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया। तर्क दिया गया कि राम रहीम के स्वास्थ्य संबंधी टेस्ट पीजीआई रोहतक में नहीं हो सके थे। ऐसे में उसे गुरुग्राम ले जाना पड़ा।
- 09 अगस्त 2021 : दिल्ली के एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से वापस लौटते समय सुरक्षा में चूक की बात सामने आई। आरोप लगाया कि पुलिस ने दो महिला अनुयायियों से राम रहीम की मुलाकात करवाई। इसके चलते एक डीएसपी को सस्पेंड तक किया गया था।
जेल में सब्जी उगा रहा था राम रहीम, अब दूसरे कैदी संभालेंगे काम
सूत्रों का कहना है कि जेल के अंदर राम रहीम दूसरे कैदियों की तरह कामकाज संभालता है। वह सब्जियां उगाता है। अब 21 दिन की फरलो के चलते वह जेल से बाहर है। ऐसे में दूसरे कैदियों को सब्जियों की देखभाल की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी की गाड़ी को पुलिस ने रोका
राम रहीम को फरलो मिलने की सूचना के बाद उनके समर्थक पहुंचने लगे। इसी दौरान भाजपा जिला मीडिया प्रभारी जेल परिसर की तरफ जा रहे थे, लेकिन नाका लगाकर जांच पड़ताल कर पुलिस ने उनको रोक दिया।
100 जवान 8 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे
राम रहीम के गुरुग्राम आने की सूचना के बाद साउथ सिटी-दो स्थित बने आश्रम के बाहर बड़ी पुलिस वालों की चहल-कदमी बढ़ गई। राम रहीम की सुरक्षा में 300 से अधिक जवान तैनात होंगे। 100 जवान 8 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे।
21 दिन के लिए राम रहेगा गुरुग्राम में
जानकारी के अनुसार गुरमीत राम रहीम 21 दिन की फरलो पर गुरुग्राम में रहेगा। साेमवार शाम 4:58 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच उसे गुरुग्राम लाया गया। इसके लिए पहले संयुक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी ईस्ट, एसीपी सदर ने डेरे का निरीक्षण किया है।
डेरे के बाहर क्विक रिस्पांस टीम तैनात रहेगी
पूरे समय डेरे के बाहर क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तैनात रहेगी। राम रहीम की सुरक्षा को लेकर पुलिस आयुक्त व संयुक्त पुलिस आयुक्त की बैठक के बाद यह कार्यक्रम जारी किया गया है। 2017 से जब से राम रहीम जेल में बंद है उसे पहली बार 21 दिन की फरलो मिली है। हालांकि मां से मिलने के लिए पहले भी 12 घंटे की पैरोल पर राम रहीम गुरुग्राम आया था।
सुनारिया जेल में बंद राम रहीम को 21 दिन की फरलो मिली थी। इसके चलते जेल परिसर के आसपास सुरक्षा सख्त रही। रोहतक पुलिस उसे सुरक्षित बार्डर क्रॉस करवाकर आ गई। इसके लिए डीएसपी मुख्यालय सज्जन सिंह की ड्यूटी तय की गई थी। - उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक