पंजाब विधानसभा चुनाव के मौजूदा माहौल के बीच डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के जेल से रिहा होने के बाद चुनावी जोड़-घटाना में लगे सभी दलों और नेताओं की नजरें डेरा प्रमुख राम रहीम के एलान पर टिकी हैं। बीते हर चुनाव में डेरा मुखी का एलान जीत-हार के खेल में बड़ा बदलाव लाता रहा है।
डेरा सच्चा सौदा इस बार 18 फरवरी की शाम को पंजाब में यह एलान कर सकता है कि इस बार डेरा प्रेमी किस राजनीतिक दल का समर्थन करें। इस बार यह एलान सार्वजनिक तौर पर न होकर केवल डेराप्रेमियों तक संदेश के रूप में पहुंचेगा। उल्लेखनीय है कि 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में डेरा सच्चा सौदा ने शिअद-भाजपा गठबंधन का समर्थन किया था। इसके चलते तेजी से आगे बढ़ती आम आदमी पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा था।
डेरा अनुयायियों के अनुसार डेरे का सियासी विंग 18 फरवरी की शाम को डेरा प्रमुख के फैसले को डेराप्रेमियों तक पहुंचा सकता है। उल्लेखनीय है कि 18 फरवरी की शाम को ही पंजाब में चुनाव प्रचार थम जाएगा और 20 फरवरी को मतदान होगा। डेरे की तरफ से फिलहाल पंजाब में सभी जिलों में कमेटियों का गठन किया गया है, जो सर्वे करके अपनी रिपोर्ट सियासी विंग को सौंपेंगी। इसके अलावा विंग ने मीडिया की खबरों के आधार पर भी एक रिपोर्ट तैयार करनी शुरू कर दी है।