उपमुख्यमंत्री दुष्यंत ने कहा कि फतेहाबाद की जनता ने भी जजपा उम्मीदवार को विजयी उम्मीदवार के लगभग बराबर वोट देकर बराबर का प्यार दिया है और फतेहाबाद की जनता का कर्ज उनकी पार्टी कभी नहीं उतार सकेगी। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि फतेहाबाद जिला उनके लिए दूसरे घर जैसा है और विकास कार्यों में इस जिले को सबसे अधिक प्राथमिकता मिलेगी।
'पारदर्शी सरकार चलाना हमारी प्राथमिकता'
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में स्थायी तौर व पारदर्शिता के साथ सरकार चलाना भाजपा-जजपा गठबंधन की प्राथमिकता रहेगी। इसके अलावा नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा मिले इसके लिए सरकार द्वारा कारगर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने श्री गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाश उत्सव की बधाई देते हुए श्री गुरुनानक देव जी के सिद्धांतों को अपने जीवन मे उतारने और देश की उन्नति के लिए मिलकर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बीजेपी व जेजेपी के गठबंधन की प्रदेश में पारदर्शी सरकार चलाने की प्राथमिकता रहेगी और प्रदेश के सभी जिलों में समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। पराली प्रबंधन के लिए सरकार द्वारा किसानों व पंचायतों को विशेष उपकरण अनुदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं और पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए आमजन को प्रेरित किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में ग्राम पंचायत अगर प्रस्ताव पास करती है तो उन गांवों में शराब के ठेके नहीं खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश का समान रूप से विकास और नागरिकों को सरलता से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता रहेगी। युवाओं को रोजगार परक शिक्षा व रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी सरकार की प्राथमिकता रहेगी।