संत रणजीत सिंह ढडरियां वालों पर कातिलाना हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। यह बात वीरवार शाम को पटियाला-संगरूर रोड स्थित गुरुद्वारा परमेश्वर द्वार में पहुंचे डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने कही। वह संत रणजीत सिंह ढडरियां वालों को मिलने के लिए आए हुए थे।
इस मौके पर ढडरियांवाले से डिप्टी सीएम ने करीब आधा घंटे अकेले में बात की। मीटिंग से बाहर आकर डिप्टी सीएम और संत ने सांझे तौर पर पत्रकारों से बात की। इस दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि संत ढडरियां वाले सिख कौम के महान प्रचारक हैं और सिख धर्म, कौम व सरबत के भले के लिए प्रचार कर रहे हैं। ऐसी शख्सियत पर हमला करना एक घिनौनी हरकत है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए डीजीपी पंजाब की ओर से एक विशेष टास्क फोर्स बनाई गई है। जिसकी तरफ से चार के करीब हमलावरों को काबू कर लिया गया है। इस साजिश में शामिल सभी आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा। विशेष टास्क फोर्स की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। पटियाला के आईजी को संतों को सुरक्षा मुहैया कराने की हिदायत की गई है।
संत ढडरियां वाले ने कहा कि इस घिनौनी हरकत के लिए जिम्मेदार सभी आरोपी बेनकाब होने चाहिए। अभी उनको सुरक्षा की जरूरत नहीं है और वह जल्द ही अपने लोगों के लिए हथियारों के लाइसेंस के लिए आवेदन देंगे। वह 26 मई को बाबा भुपिंदर सिंह के भोग समागम में शिरकत करेंगे और वहां अगर जरूरत पड़ी, तो सरकार से सुरक्षा ले सकते हैं। फिलहाल उन्होंने अपने सारे समागम मुल्तवी कर दिए हैं।