जाट हिंसा के दौरान लोग बर्बाद हो गए। पूरा हरियाणा जल गया। तब केजरीवाल को लोगों का दर्द नहीं दिखा जो पंजाब में राजनीति करने आ गए। अब पंजाब का किसान याद आ रहा है, गरीब के दर्द नजर आ रहे हैं। यह बात डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने कही। वह शुक्रवार को डीसी ऑफिस में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की राह पर चल रहे हैं। वह गरीब के घर जाकर मिनरल वाटर पीते हैं। केजरीवाल पर विश्वास नहीं किया जा सकता। दिल्ली के लोगों से किए वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता उन्हें समर्थन नहीं देगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि केजरीवाल पंजाब में दिल्ली मॉडल लागू करना चाहते हैं। दिल्ली में सफाई कर्मी समेत कई मुलाजिम वेतन के लिए संघर्ष कर रहे हैं जबकि विधायकों एवं मंत्रियों के वेतन तक दोगुना कर दिए सभी सुविधाएं ले लीं। इतना ही नहीं अपनी सरकार की पीठ थपथपाने पर केजरीवाल ने विज्ञापनों पर दिल्ली की जनता की खून पसीने की कमाई के 532 करोड़ रुपये खर्च कर दिए।
तूसी जिन्ना मर्जी जोर ला लेओ, साडा तलाक नहीं होणा
अगले विस चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन के बीच 23 सीटों को लेकर चल रही कशमकश को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि तूसी जिन्ना मर्जी जोर ला लेओ, साडा तलाक नहीं होणा। इस मुद्दे पर सुखबीर ज्यादा नहीं बोले।