अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। अमृतसर में तैनात विजिलेंस के एसएसपी लखबीर सिंह को निलंबित करने के बाद पंजाब सरकार ने उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। लखबीर सिंह को अप्रैल 2025 में एसएसपी विजिलेंस पद पर नियुक्त किया गया था।
पंजाब विजिलेंस ने बताया कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ शिकायत मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। शिकायतों में यह सामने आया कि एसएसपी लखबीर सिंह अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर के मामलों में अनधिकृत हस्तक्षेप कर रहे थे। उनकी इस कार्रवाई के कारण कई विवाद और शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसके चलते उन्हें निलंबित करना आवश्यक हो गया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, चंडीगढ़ कार्यालय रहेगा। विभागीय जांच के तहत यह पता लगाया जाएगा कि निलंबित एसएसपी अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर क्यों कार्यरत थे और इस दौरान उनकी किसी विशेष रुचि या लाभ का मामला शामिल तो नहीं था। जानकारी के अनुसार लखबीर सिंह 25 जून को पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया को गिरफ्तार करने वाली टीम के प्रमुख भी थे। हालांकि अब उनके खिलाफ भ्रष्टाचार और अनधिकृत हस्तक्षेप के आरोप लग रहे हैं। विभागीय जांच पूरी गहनता से की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।