पंजाब के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष श्रेणियों की विभागीय परीक्षा नौ जुलाई से 15 जुलाई 2016 तक स्थानीय लाजपत राय भवन में होगी। केंद्रीय परीक्षा कमेटी की देखरेख में होने वाले पेपर दो शिफ्टों में सुबह नौ बजे से दोपहर बारह बजे और दोपहर दो बजे से सांय पांच बजे तक होंगे।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार इन श्रेणियों में सहायक आयुक्त/अतिरिक्त सहायक आयुक्त, आईपीएस अधिकारी, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) तहसीलदार/राजस्व अधिकारी, वन विभाग के आईएफएस अधिकारी, कृषि/भूमि सुरक्षा सेवाएं, बागवानी सेवाओं के अधिकारी, पशु पालन एवं मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी, वन्य जीव संरक्षण विभाग के वार्डन/निरीक्षक, जेल विभाग, कराधान एवं आबकारी विभाग के अधिकारी/ कर्मचारी, देहाती विकास एवं पंचायत विभाग के लेडी सर्किल सुपरवाइजर और श्रम एवं रोजगार विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि जो आईएएस/आईपीएस/पीसीएस (कार्यकारी ब्रांच), पीसीएस (ज्यूडिशियल) और अन्य अधिकारी उक्त परीक्षा देने की इच्छा रखते हैं, अपने विभागों की ओर से निर्धारित प्रारूप पर अपना आवेदन पत्र 20 जून 2016 तक अतिरिक्त सचिव पंजाब सरकार (पर्सनल विभाग) और सचिव केंद्रीय क मेटी परीक्षाएं (पीसीएस) ब्रांच, पंजाब सिविल सचिवालय चंडीगढ़ में भेजें। प्रत्यक्ष रूप में भेजे गये आवेदन स्वीकार नहीं किये जाएंगे। अधूरे आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे और उनको रोल नंबर भी जारी नहीं किये जाएंगे। जिन उम्मीदवारों को 25 जून 2016 तक रोल नंबर प्राप्त नहीं होते, वह इन परीक्षाओं के संबंध में केंद्रीय कमेटी से संपर्क करें।