किलोमीटर स्कीम के विरोध में रोडवेज कर्मचारी हड़ताल की जिद पर अड़े हुए हैं। इससे पहले वे 5 जनवरी को सिरसा स्थित उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास पर प्रदर्शन कर उन्हें ज्ञापन भी सौपेंगे। उसके बाद सात व आठ जनवरी को हड़ताल की जाएगी। इस दौरान उन्होंने चक्का जाम की चेतावनी भी दे रखी है।
यूनियन नेताओं का कहना है कि उनकी पूर्व 18 दिन चली हड़ताल में जननायक जनता पार्टी और उनके नेता दुष्यंत चौटाला ने उनकी हड़ताल व मांग को समर्थन दिया था। अब जब जजपा सरकार में सहयोगी है, तो दुष्यंत चौटाला को उनका साथ देना चाहिए।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के वरिष्ठ नेता इंद्र सिंह बधाना, वीरेंद्र सिंह धनखड़, दलबीर किरमारा, अनूप सहरावत, सरबत सिंह पूनिया, पहल सिंह तंवर, आजाद सिंह गिल व दिनेश हुड्डा ने कहा कि तालमेल कमेटी द्वारा किलोमीटर स्कीम रद्द करने की मांग को लेकर 2018 में 16 अक्टूबर से 2 नवंबर तक 18 दिन हड़ताल की गई थी।
उस वक्त जन नायक जनता पार्टी सहित प्रदेश की तमाम विपक्षी राजनीतिक पार्टियों ने जनहित में तमाम बस अड्डों पर जाकर हड़तालियों को सहयोग व समर्थन किया गया था। दुष्यंत चौटाला द्वारा स्वयं भी अनेक बस अड्डों पर जाकर सहयोग व समर्थन किया गया था।
यूनियन नेताओं के अनुसार जन नायक जनता पार्टी द्वारा विधान सभा चुनाव में अपने घोषणा पत्र में भी सरकारी विभागों का निजीकरण नहीं करने, परिवहन विभाग में किलोमीटर स्कीम रद्द करने व विभाग में सरकारी बसें बढ़ाने, ठेका प्रथा व आउटसोर्सिंग की पोलिसी रद्द करने समेत अन्य मांगों को शामिल किया था।
अब दुष्यंत चौटाला सरकार में उप मुख्यमंत्री के महत्वपूर्ण पद पर आसीन हैं। हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों को दुष्यंत चौटाला द्वारा उप मुख्यमंत्री बनने पर किलोमीटर स्कीम रद्द करने बारे बहुत उम्मीद जगी थी। परंतु वर्तमान भाजपा-जजपा सरकार 190 प्राइवेट बसों को जल्द चलाने की तैयारी में है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा प्राइवेट बसें किलोमीटर स्कीम के तहत चलाने से रोडवेज कर्मचारियों में भारी रोष है। जिस कारण कर्मचारी सड़कों पर आंदोलन करने पर मजबूर है। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी द्वारा 5 जनवरी को सिरसा में प्रदर्शन करते हुए उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को ज्ञापन सौंपकर परिवहन विभाग में किलोमीटर स्कीम रद्द करने व बढ़ती आबादी अनुसार विभाग में 14 हजार सरकारी बसें शामिल करने की मांग की जाएगी। इंटक नेता प्रदीप बूरा ने कहा कि उनका संगठन भी हड़ताल को पूरा समर्थन देगा।