नोटबंदी को लेकर दिल्ली के पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस इस दिन को काला दिवस के तौर पर मनाने की तैयारी कर रही है, जबकि आम आदमी पार्टी इस दिन को धोखा दिवस करार देगी। उधर भाजपा इस दिन को काला धन के खिलाफ सरकार का एतिहासिक निर्णय करार दे रही है।
हरियाणा की मनोहर सरकार अपने करवाए गए कार्यों को विपक्ष के सवालों के जवाब में पेश करेगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की सरकार बुधवार को चंडीगढ़ में एक मीटिंग के जरिए नोटबंदी से हुए लाभ की जानकारी देगी। सरकार के मंत्रियों का कहना है कि नोटबंदी उन लोगों के लिए काला दिन है, जिनकी काली कमाई के पैसे सफेद नहीं हो पाए। मंत्रियों ने इसे मोदी सरकार का एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है।
काला धन गंवाने वाले ही मनाएंगे काला दिवस : विज
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि 8 नवंबर को केवल वहीं पार्टियां काला दिवस मनाएंगी, जिनका काला धन बोरियों में बंद रह गया है और वे उसको बदलवा भी नही सके।