चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) के मकानों में रह रहे लोग पिछले कई साल से दिल्ली की तर्ज पर 'नीड बेस चेंज' लागू करने की मांग कर रहे हैं, जिसे लेकर 18 जून को कोई फैसला हो सकता है। यूटी प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने इसे लेकर एक अहम बैठक बुलाई है, जिसमें सीएचबी फेडरेशन के पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे।
सीएचबी रेजिडेंट्स वेलफेयर फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को इस संबंध में सलाहकार से मुलाकात की और दिल्ली की तर्ज पर 'वन टाइम सेंटलमेंट' लागू करने की मांग से उन्हें अवगत करवाया। इस पर ही सलाहकार परिदा की तरफ से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि वह इस संबंध में 18 जून को बैठक बुला रहे हैं, जिसमें उनकी मांगों पर उचित फैसला लिया जाएगा। फेडरेशन ने कहा कि 90 प्रतिशत लोगों ने अपने घरों में जरूरत के मुताबिक बदलाव किए हुए हैं।
इस संबंध में सीएचबी को भी भलीभांति जानकारी है, इसलिए इन बदलावों को नियमित करने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि 4 लाख लोग अपने मकानों में इन बदलावों को नियमित करने की राह देख रहे हैं, जिस पर जल्द ही फैसला लिया जाना चाहिए। फेडरेशन के चेयरमैन निर्मल दत्त ने कहा कि वह लंबे समय से नीड बेस चेंज की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन बावजूद इसे सही रूप से लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि वह वन टाइम सेटलमेंट की मांग कर रहे हैं, ताकि लोगों के घरों को टूटने से बचाया जा सके और जरूरत के मुताबिक बदलाव नियमित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का अतिरिक्त जगह पर भी निर्माण किया हुआ है, उनसे भी उचित राशि लेकर बदलाव नियमित किए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि कवर्ड एरिया में छूट दी जानी चाहिए और इस एरिया में सभी निर्माण को नियमित किया जाना चाहिए।