चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय में दस साल से काम कर रहे कर्मचारियों ने मुद्दा उठाया है कि उन्हें स्थायी किया जाए। यह कर्मचारी छात्रावासों के अलावा कई विभागों में काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि पीयू की ओर से स्थायीकरण को लेकर दो बार पत्र जारी हुआ, लेकिन उस पत्र में स्थायी किया जाएगा या नहीं, यह साफ नहीं किया गया। इसलिए पीयू जल्द इसको लेकर निर्णय ले।
पंजाब विश्वविद्यालय पिछले वर्षों में 300 से अधिक कर्मचारियों को स्थायीकरण का लाभ देने के लिए सूची बना चुका है। प्रथम चरण में 40 से अधिक कर्मचारियों को इसका लाभ भी मिला। जिन लोगों के नाम सूची में आ गए हैं, उन्हें उम्मीद है कि वे स्थायी हो जाएंगे लेकिन जिनका नाम अभी सूची में नहीं आया, वे चिंतित हैं। कई बार वे मांग उठा चुके हैं।
छात्रावासों में भी 30 से अधिक कर्मचारी हैं जो स्थायी होने के लिए तैयार हैं। यानी वे मानकों पर पूरा उतर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि पीयू अप्रैल के बाद इस प्रकरण पर निर्णय लेगी क्योंकि अभी सीनेट व सिंडिकेट चुनाव को लेकर निर्णय होना है। उसके बाद इस योजना को पीयू आगे बढ़ाएगी।