फेडरेशन की कार्यकारिणी की हुई बैठक, दिवाली से पहले बोनस देने का मुद्दा उठाया
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। फेडरेशन ऑफ यूटी इम्प्लाइज एंड वर्कर्स चंडीगढ़ की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक में प्रशासन और नगर निगम में कार्यरत करीब 18 हजार कांट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारियों की मांगों की लगातार हो रही अनदेखी पर गहरी चिंता जताई गई।
बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन के नव-निर्वाचित प्रधान राजेंद्र कटोच ने की, जबकि महासचिव हरकेश चंद ने कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को लेकर प्रस्ताव पेश किया। इसमें 10 साल से अधिक सेवा पूरी कर चुके कर्मियों को नियमित करने, नियमितीकरण से पहले तक ‘बराबर काम, बराबर वेतन’ लागू करने, साथ ही ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी और बोनस जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांगें शामिल थीं।
बैठक में फेडरेशन के चेयरमैन गोपाल दत्त जोशी, अतिरिक्त महासचिव अमरीक सिंह, उपप्रधान एमएम सुब्रह्मण्यम, गुरमीत सिंह, हरपाल सिंह, सुखविंदर सिंह, तरुण जैसवाल, बिहारी लाल और हरदीप सिंह उपस्थित रहे। कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से संघर्ष का प्रस्ताव पारित किया।
फेडरेशन ने दिवाली से पहले आउटसोर्स कर्मचारियों को बोनस जारी करने की भी मांग की जिसे उन्होंने बोनस एक्ट के तहत अनिवार्य बताया।