चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र संगठन एनएसयूआई ने वीरवार को परीक्षा नियंत्रक को गोल्डन चांस परीक्षा आयोजित करवाने के लिए पत्र लिखा। पत्र में लिखा कि पीयू ने पहले तो इस वर्ष की शुरुआत में गोल्डन चांस वाले विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित करवाने की बात कही थी। अब विद्यार्थियों को कहा जा रहा है कि हालात सामान्य होने पर यह परीक्षा ऑफलाइन माध्यम में ही आयोजित करवाई जाएगी। यह फैसला विद्यार्थियों के हित में नहीं है।
एनएसयूआई अध्यक्ष निखिल नरमेटा ने बताया कि वर्तमान हालातों को देखते हुए विश्वविद्यालय जल्दी कक्षाओं या परीक्षा के लिए खुलता नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में हमारी मांग है कि गोल्डन चांस वाले विद्यार्थियों की परीक्षाएं भी जून-जुलाई में सामान्य विद्यार्थियों की परीक्षाओं के साथ आयोजित करवाई जाएं, जिससे अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को कोर्स पूरा होने पर आगे आसानी से नौकरी मिल सके। एक पेपर की वजह से डिग्री में देरी करना विद्यार्थियों के भविष्य के लिए सही नहीं है।