चंडीगढ़। मनीमाजरा क्षेत्र में बढ़ती आबादी के बीच उच्च शिक्षा संस्थान की कमी को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नए कॉलेज की स्थापना की मांग की है। इस संबंध में चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को प्रार्थना पत्र सौंपकर क्षेत्र की शैक्षणिक जरूरतों पर ध्यान देने का आग्रह किया गया है।
सुमन शर्मा ने प्रशासक को मिलकर दिए इस प्रार्थना पत्र में कहा है कि मनीमाजरा की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन यहां जनसंख्या के अनुपात में उच्च शिक्षा की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए शहर के अन्य हिस्सों या दूर-दराज क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। क्षेत्र में नया कॉलेज स्थापित होने से विद्यार्थियों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।
इसके साथ ही निवासियों को मकानों की एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) जारी करने की जटिल प्रक्रिया पर भी चिंता जताई है। आरोप है कि बिजली और पानी के मीटर लगवाने के लिए लोगों को संबंधित कार्यालयों के कई चक्कर काटने पड़ते हैं, लेकिन समय पर एनओसी नहीं मिल पाती। इससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि एनओसी जारी करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। साथ ही मनीमाजरा में नए कॉलेज की स्थापना को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र सकारात्मक कदम उठाए जाएं, जिससे क्षेत्र के युवाओं और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल सके।