चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रधान अश्वनी शर्मा ने अमेरिका में पंजाबी मूल के एक ट्रक ड्राइवर से जुड़े हादसे के बाद वहां कॉमर्शियल ड्राइवरों के वर्क वीजा रोकने का मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाया है।
इसे लेकर शर्मा ने विदेश मंत्री एस.जय शंकर को पत्र लिखा है और मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। शर्मा ने कहा है कि केंद्र सरकार तुरंत अमेरिकी सरकार के साथ इस मामले को उठाए कि एक घटना के लिए पूरे सिख समुदाय को सजा न मिले। साथ ही वाॅशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से अमेरिकी अधिकारियों से बात करके यह सुनिश्चित किया जाए कि ट्रक ड्राइवरों पर लगाए गए प्रतिबंधों पर पुनर्विचार हो।
विज्ञापन
उन्होंने मांग की कि ट्रक ड्राइवर हरजिंदर सिंह को कानूनी और काउंसलर सहायता प्रदान की जाए, ताकि उनके मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सुनवाई हो सके। शर्मा ने कहा कि वीजा रोकने के मामले से हजारों पंजाबी ड्राइवर प्रभावित हुए हैं। इन ड्राइवरों के लिए यह प्रमुख रोजगार का स्रोत है और वीजा रोक से उनकी नौकरियां, परिवारों की आर्थिक स्थिति और पंजाब की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ सकता है।
इससे पहले आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस ने भी केंद्र के समक्ष यह मामला उठाया था और ट्रक ड्राइवरों को राहत दिलाने के लिए केंद्र से बातचीत करने की अपील की थी।