चंडीगढ़। चंडीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद से मुलाकात कर व्यापारियों की विभिन्न समस्याएं सामने रखीं।
सीबीएम अध्यक्ष संजीत चड्ढा ने कहा कि पुराने वैट मामलों के निपटारे के लिए वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) स्कीम को जल्द लागू किया जाए। उन्होंने साथ ही बिल्डिंग बायलॉज में संशोधन की भी मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कई वरिष्ठ नागरिक अपने लंबित मामलों की पैरवी के लिए परेशान हैं इसलिए उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा दी जाए।
सीबीएम चेयरमैन चिरंजीव सिंह ने कहा कि शहर की वाणिज्यिक संपत्तियों को लीज होल्ड से फ्री होल्ड किया जाए। उन्होंने बताया कि लीज होल्ड सिस्टम ही सरकारी संपत्तियों की नीलामी असफल होने का मुख्य कारण है। प्रवक्ता दिवाकर सहूंजा ने कहा कि शहर के विकास और जीडीपी में योगदान बढ़ाने के लिए ऊपरी मंज़िलों पर व्यापार की अनुमति दी जानी चाहिए। सलाहकार वरिंदर गुप्ता और कार्यकारी सदस्य अनिक जैन ने अनधिकृत ठेले-रेहड़ी हटाने और बाजारों में पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग की। मुख्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया कि वे संबंधित विभागों से शीघ्र संवाद कर समयबद्ध कार्रवाई करेंगे।