26 जनवरी को लाल किले पर झंडा लगाने के आरोपी दीप सिद्धू जांच में शामिल होने को तैयार हैं। हालांकि सिद्धू ने कहा है कि उन्हें सच्चाई सामने लाने के लिए कुछ वक्त चाहिए और उसके बाद वह जांच में शामिल होंगे।
विज्ञापन
फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट कर सिद्धू ने कहा कि उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है और लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया है। पहले तो मैं यह संदेश देना चाहता हूं कि मैं जांच में शामिल होऊंगा।
इसी वीडियो में सिद्धू ने कहा कि क्योंकि गलत सूचना फैलाई गई है और वह जनता को गुमराह कर रही है। इसलिए मुझे सच्चाई सामने लाने के लिए कुछ वक्त चाहिए और उसके बाद मैं जांच में शामिल होऊंगा। जांच एजेंसियों से मेरा अनुरोध है कि जब मैंने कुछ गलत किया ही नहीं है तो मैं क्यों भागूंगा और क्यों डरूंगा। मुझे कोई डर नहीं है। मैंने कुछ गलत नहीं किया है। यह सच्चाई सामने आएगी।
दीप सिद्धू ने जांच एजेंसियों और पुलिस विभाग से कहा है कि वह दो दिन में उनके सामने पेश होंगे। सिद्धू ने कहा कि जिस प्रकार की अफवाहें फैलाई जा रही हैं वह सच नहीं हैं। मुझे तथ्यों पर आधारित सच्चाई सामने लाने के लिए दो दिन चाहिए। मैं सारे सबूत इकट्ठा करूंगा।